नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) भारत और सऊदी अरब ने दोनों देशों के बीच प्रस्तावित बिजली ग्रिड संपर्क परियोजना की प्रगति की सोमवार को समीक्षा की। बिजली मंत्रालय ने बयान में यह जानकारी दी।
मंत्रालय के अनुसार, बिजली सचिव पंकज अग्रवाल ने सोमवार को सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय में बिजली मामलों के सहायक मंत्री नासिर अल-कहतानी के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये बातचीत की।
इस दौरान भारत-सऊदी अरब बिजली ग्रिड संपर्क की प्रस्तावित परियोजना की प्रगति की समीक्षा की गई। यह परियोजना इस क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो सकती है।
बयान के मुताबिक, दोनों पक्षों ने परियोजना की प्रगति पर चर्चा की और द्विपक्षीय ऊर्जा सहयोग को मजबूत करने की इसकी क्षमता को रेखांकित किया।
मंत्रालय ने कहा कि सऊदी अरब ने अति उच्च वोल्टेज (ईएचवी) पारेषण प्रणालियों, बिजली ग्रिड में नवीकरणीय ऊर्जा की बढ़ती हिस्सेदारी से जुड़ी तकनीकी और परिचालन से जुड़ी चुनौतियों से निपटने, नए डेटा केंद्रों की बढ़ती बिजली जरूरतों को पूरा करने की रणनीतियों तथा बिजली प्रणाली की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप ग्रिड संहिताओं को अद्यतन करने जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने में रुचि जताई।
भाषा योगेश अजय
अजय