कुल्लू, 19 अक्टूबर (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में चरस बरामद होने के बाद पकड़े गए दो आरोपियों को भीड़ ने पुलिस दल पर हमला करके छुड़ा लिया।
यह घटना रविवार को चरस के लिए बदनाम लग घाटी के जकरेहड़ इलाके में हुई। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस दल ने पैदल जा रहे दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका और उनके पास से चरस बरामद की। दोनों कुल्लू जा रहे थे।
घटना की खबर फैलने के बाद महिला प्रधान सहित करीब 40 लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ ने पुलिस पर हमला किया और मादक पदार्थों से भरे बैग सहित दोनों आरोपियों को छुड़ा लिया।
हालांकि, पुलिस सड़क पर गिरी 508 ग्राम चरस बरामद करने में सफल रही।
प्रधान और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ (एनडीपीएस) अधिनियम की धाराओं 20 और 29 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
भाषा
संतोष नरेश
नरेश