बिलासपुर (हिप्र), 19 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर में धौलरा स्थित बाबा नाहर सिंह मंदिर में दर्शन कर पूजा-अर्चना की और ‘शरदोत्सव’ में भी हिस्सा लिया।
नड्डा रविवार को तीन दिवसीय दौरे पर बिलासपुर पहुंचे थे। यहां सर्किट हाउस में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात की।
उन्होंने ‘शरदोत्सव’ में हिस्सा लिया और देवी दुर्गा की आरती में शामिल हुए। नड्डा करीब 25 वर्षों से इस उत्सव से जुड़े हुए हैं। उनकी पत्नी मल्लिका नड्डा की पहल से शुरू हुआ यह आयोजन अब बिलासपुर की प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान बन गया है।
इससे पहले नड्डा ने अपने परिवार के साथ बाबा नाहर सिंह मंदिर जाकर पूजा-अर्चना की।
मंदिर में दर्शन के बाद उन्होंने ‘शरदोत्सव’ में भाग लिया, जहां अन्य श्रद्धालु भी आरती में शामिल हुए। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी दुर्गा का आशीर्वाद लेने और पूजा-अर्चना करने के लिए इस उत्सव में पहुंचते हैं।
मल्लिका नड्डा की पहल पर करीब 25 वर्ष पहले शुरू हुआ ‘शरदोत्सव’ अब शहर के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में से एक बन गया है। उत्सव की विसर्जन यात्रा इसका मुख्य आकर्षण होती है।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश सह-मीडिया प्रभारी स्वदेश ठाकुर के अनुसार, नड्डा हर साल ‘शरदोत्सव’ में हिस्सा लेते हैं।
दुर्गा विसर्जन यात्रा में उनकी भागीदारी भी इस आयोजन की खास पहचान बन गई है। इस उत्सव में न केवल स्थानीय लोग, बल्कि दूरदराज के क्षेत्रों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, नड्डा मंगलवार को दुर्गा विसर्जन यात्रा में हिस्सा लेंगे। शाम छह बजे वह विजयपुर से चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे। वहां से विमान से दिल्ली जाएंगे। उनका तीन दिवसीय दौरा मुख्य रूप से ‘शरदोत्सव’ में भागीदारी पर केंद्रित है।
भाषा गोला नरेश
नरेश