Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

टिहरी में दलेर मेंहदी की प्रस्तुति के दौरान विवाद, मंत्री ने मंच पर आकर नाराजगी जताई

नयी टिहरी, 19 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के टिहरी जिले में आयोजित एक सांस्कृतिक संध्या में प्रख्यात पंजाबी गायक दलेर मेंहदी की प्रस्तुति के दौरान विवाद हो गया, जिसके बाद प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर आकर नाराजगी जताई।

नरेंद्रनगर क्षेत्र में ऐतिहासिक सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में रविवार रात आयोजित सांस्कृतिक संध्या में मेंहदी प्रस्तुति दे रहे थे, लेकिन इसी दौरान उनके लाइव गायन और बैकग्राउंड साउंड ट्रैक में अलग-अलग आवाजें आने लगीं, जिससे दर्शक हंगामा करने लगे।

हंगामे के बीच स्थानीय विधायक और वन एवं स्वास्थ्य मंत्री उनियाल मंच पर पहुंचे और गायक से कहा कि इतना पैसा देकर उन्हें मनोरंजन के लिए बुलाया गया है और जनता उन्हें सुनने आई है, इसलिए प्रस्तुति में अपेक्षित गुणवत्ता का ध्यान रखा जाना चाहिए।

उनियाल ने नवरात्र के धार्मिक आयोजन का जिक्र करते हुए कार्यक्रम की मर्यादा बनाए रखने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा, “आपसे बोला तो जा नहीं रहा, आप गाना क्या गाएंगे।” इस दौरान मंच पर कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गई।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद इस पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।

कुंजापुरी मेला धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रमुख आयोजन है, इसलिए लोग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की गुणवत्ता और धार्मिक आयोजन की गरिमा को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं। हालांकि, गायक के शराब के नशे में होने संबंधी आरोपों की पुष्टि नहीं हो पाई है।

नरेंद्रनगर के उप-जिलाधिकारी आशीष घिल्डियाल ने कहा कि मेंहदी ने मेले में अपनी प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि कुछ व्यवधान के बाद कार्यक्रम निर्धारित समय पर हुआ।

भाषा

सं दीप्ति पारुल

पारुल