लंदन, 19 अक्टूबर (भाषा) फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन द्वारा कमाल अमरोही की 1972 की कालजयी फिल्म ‘पाकीजा’ के 4के पुनर्निर्मित संस्करण को बीएफआई लंदन फिल्म महोत्सव में एक भव्य समारोह के दौरान प्रदर्शित किया गया। इस दौरान वहां बड़ी संख्या में पहुंचे दर्शकों से सभागार खचाखच भरा रहा।
रविवार को प्रदर्शित की गई यह फिल्म ब्रिटेन के सबसे बड़े सिनेमाई पर्दे, 'बीएफआई आईमैक्स' में महोत्सव के समापन समारोह की स्क्रीनिंग के रूप में दिखाई गई।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, फिल्म को लेकर दर्शकों में भारी उत्सुकता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसे देखने के लिए बुकिंग शुरू होने के एक दिन के भीतर ही फिल्म के प्रदर्शन के सभी टिकट बिक गए और सभागार में एक भी सीट खाली नहीं रही।
शाम की शुरुआत फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन के निदेशक शिवेंद्र सिंह डुंगरपुर के साथ दिग्गज फिल्म निर्माता के बेटे ताजदार अमरोही और बेटी रुखसार अमरोही के परिचय के साथ हुई।
ब्रिटिश फिल्म इंस्टीट्यूट (बीएफआई) में 'नॉलेज एंड कलेक्शंस' की कार्यकारी निदेशक अरीके ओके ने इस बेहद भावुक बातचीत का संचालन किया।
इस अवसर पर कमाल अमरोही के पोते बिलाल अमरोही भी उपस्थित रहे, जिन्होंने फिल्म के पुनर्निर्माण पर फिल्म हेरिटेज फाउंडेशन के साथ मिलकर काम किया है।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन