श्रीनगर, 19 अक्टूबर (भाषा) श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान परिचालन की अवधि को लेकर लगाई गई पाबंदियां सोमवार को हटा ली गईं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
श्रीनगर हवाई अड्डे के अधिकारियों ने एक बयान में कहा, ‘‘श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा यात्रियों और हितधारकों को सूचित करना चाहता है कि हवाई अड्डे पर उड़ानों के परिचालन के संबंध में पूर्व में लगाई गई पाबंदियां -- जिनके तहत उड़ानों का परिचालन केवल सुबह 08:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक ही सीमित कर दिया गया था -- अब हटा ली गई हैं।’’
उन्होंने कहा कि शाम 5 बजे के बाद हवाई अड्डे पर उड़ानों के परिचालन पर लगी पाबंदी अब लागू नहीं है।
अधिकारियों ने बताया, ‘‘सर्दियों के मौसम के लिए उड़ान परिचालन समय-सारिणी 25 अक्टूबर 2026 से लागू होगी। विभिन्न एयरलाइनें श्रीनगर आने-जाने वाली देर शाम की उड़ानों के लिए स्लॉट बुक करने की प्रक्रिया में हैं। इससे उड़ान कनेक्टिविटी बेहतर होने और सर्दियों के मौसम में यात्रियों को अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।’’
इस साल अप्रैल से, रनवे से जुड़े कार्य को लेकर श्रीनगर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक ही उड़ान परिचालन की अनुमति दी गई थी।
भाषा सुभाष नरेश
नरेश