Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

दिल्ली मेट्रो स्टेशन से भाग रहे व्यक्ति को सीआईएसएफ जवान ने पीछा कर पकड़ा, संदिग्ध पदार्थ बरामद

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर सुरक्षा जांच के बाद संदिग्ध तरीके से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक जवान ने पीछा कर पकड़ लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना रविवार को जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर हुई। मेट्रो नेटवर्क की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय अर्धसैनिक बल ने सीसीटीवी से मिले 27 सेकंड के वीडियो को अपने ‘एक्स’ हैंडल पर साझा किया है।

सीआईएसएफ ने पोस्ट में बताया कि संदिग्ध व्यक्ति के बैग में रखे अंतर्वस्त्र के सिले हुए हिस्से में छिपाकर रखा गया एक ‘‘अज्ञात अर्धठोस पदार्थ’’ बरामद किया गया। आगे की जांच के लिए उसे स्थानीय पुलिस को सौंप दिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि उन्हें संदेह है कि यह अर्धठोस पदार्थ सोने का पेस्ट हो सकता है। पदार्थ की पहचान करने के लिए जांच की जा रही है।

वीडियो में सीआईएसएफ के जवान व्यक्ति की तलाशी लेते दिखाई देते हैं। इसके बाद व्यक्ति एक्स-रे बैगेज स्कैनर से अपना बैग उठाता है और महिलाओं की तलाशी के लिए बने घेरे से तेजी से बाहर भाग जाता है।

व्यक्ति की ‘‘संदिग्ध’’ गतिविधियों पर नजर रख रहे सीआईएसएफ के एक जवान ने उसे भागते हुए देख लिया। जवान ने अपने हाथ में पकड़ा मेटल डिटेक्टर फेंका और उसके पीछे दौड़ पड़ा।

भागने के लिए व्यक्ति भूमिगत स्टेशन से एस्केलेटर पर चढ़ गया, जबकि जवान सीढ़ियों से दौड़ा और गेट नंबर एक के निकास द्वार पर उसे पकड़ लिया। पीछा करने में शामिल हुए एक अन्य जवान के साथ वह संदिग्ध व्यक्ति को वापस स्टेशन ले आया।

सीआईएसएफ ने बताया कि यात्री ने दावा किया कि वह कुआलालंपुर में रहने वाला प्रवासी भारतीय (एनआरआई) है।

भाषा रवि कांत रवि कांत नोमान

नोमान