अमरावती, 19 अक्टूबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मंत्री नारा लोकेश ने सोमवार को कहा कि देश की सबसे बड़ी सीमेंट विनिर्माता कंपनी अल्ट्राटेक सीमेंट ने राज्य के नंद्याल जिले में 2,650 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पेटनिकोटा सीमेंट संयंत्र शुरू किया है। कंपनी ने इस परियोजना को निर्माण शुरू होने के 14 महीने के भीतर पूरा किया है।
रायलसीमा क्षेत्र के कोलिमिगुंडला मंडल के पेटनिकोटा गांव में स्थित इस एकीकृत सीमेंट संयंत्र की 'क्लिंकर' उत्पादन क्षमता सालाना 33 लाख टन और सीमेंट भेजने की क्षमता 36 लाख टन सालाना है। संयंत्र का निर्माण मई, 2025 में शुरू हुआ था।
लोकेश ने कहा कि संयंत्र से 650 लोगों को प्रत्यक्ष और 2,000 लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। इस तरह परियोजना से कुल 2,650 रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री लोकेश ने कहा, ‘‘नींव रखने से लेकर काम शुरू होने तक, सिर्फ 14 महीने लगे। भारत की सबसे बड़ी सीमेंट कंपनी, अल्ट्राटेक ने आंध्र प्रदेश के नंद्याल जिले में 2,650 करोड़ रुपये के ‘पेटनिकोटा सीमेंट वर्क्स’ के जरिये अपनी क्षमता का विस्तार किया है।’’
अल्ट्राटेक के संयंत्र को इस तरह तैयार किया गया है कि जल संरक्षण और पुनर्चक्रण उपायों के जरिये भूजल का बिल्कुल भी इस्तेमाल न हो।
संयंत्र में प्लास्टिक और नगरपालिका के कचरे को वैकल्पिक ईंधन के रूप में इस्तेमाल करने की प्रणालियां भी हैं।
भाषा यासिर योगेश
योगेश