गुवाहाटी, 19 अक्टूबर (भाषा) असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने सोमवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें दुर्गा पूजा की शुभकामनाएं दीं।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, राज्यपाल ने मंगोलिया की अपनी हालिया यात्रा के अनुभव प्रधानमंत्री मोदी के साथ साझा किए।
उन्होंने युवाओं के कल्याण, राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने और युवा पीढ़ी में देशभक्ति की भावना विकसित करने के लिए असम लोक भवन की ओर से की गई प्रमुख पहल की जानकारी भी प्रधानमंत्री को दी।
लोक भवन की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि आचार्य ने दो पहल ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ और नमो मातृभूमि सुरक्षा एवं स्वावलंबन संकल्प सप्ताह का उल्लेख किया।
विज्ञप्ति के अनुसार, “ये पहल युवाओं को सशक्त बनाने, मादक पदार्थों के दुरुपयोग के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाने और राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भरता तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति जिम्मेदारी की गहरी भावना विकसित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।”
विज्ञप्ति में कहा गया है कि आचार्य ने मार्गदर्शन व महत्वपूर्ण बातचीत के लिए प्रधानमंत्री मोदी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।
भाषा जोहेब अविनाश
अविनाश