Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी मामले में कोई आरोपी नाबालिग नहीं, हमले के मकसद की जांच जारी: मुंबई पुलिस

मुंबई, 19 अक्टूबर (भाषा) मुंबई पुलिस ने सोमवार को बताया कि अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के मामले में गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों में से कोई भी नाबालिग नहीं है और दो हमलावरों ने अभिनेता की कार पर पांच-छह गोलियां चलाई थीं।

पुलिस उपायुक्त राज तिलक रोशन ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आरोपियों में से एक की उम्र 18 वर्ष है, जबकि अन्य दो की उम्र 22-22 वर्ष है।

उन्होंने कहा, ‘‘दो आरोपी हरियाणा के हैं और एक बिहार का निवासी है। गिरफ्तार किए गए तीन हमलावरों में से दो ने टाइगर श्रॉफ की कार पर पांच-छह गोलियां चलाई थीं।’’

पुलिस उपायुक्त ने बताया कि आरोपियों द्वारा इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल मुंबई के अंधेरी इलाके में मिली थी।

उन्होंने कहा, ‘‘तीनों संदिग्धों के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है। मुंबई पुलिस ने तीनों संदिग्धों की अपनी हिरासत ले लिया है और उन्हें राजस्थान से मुंबई ला रहे हैं।’’

रोशन ने बताया कि इससे पहले टाइगर श्रॉफ को धमकी मिलने की कोई शिकायत नहीं मिली थी।

उन्होंने कहा, ‘‘अभिनेता पर गोलीबारी करने के पीछे का मकसद अभी पता नहीं चला है। संदिग्ध हमलावरों से पूछताछ के बाद इसका पता लगाया जाएगा।’’

रोशन ने कहा कि घटना के 15 घंटे के भीतर राजस्थान के कोटा में एक ट्रेन से तीनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया। यह त्वरित अंतरराज्यीय अभियान अपराध शाखा की 20 विशेष टीम ने दिल्ली, गुजरात और राजस्थान पुलिस के सक्रिय सहयोग से चलाया।

पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘मुंबई अपराध शाखा की एक विशेष टीम ने राजस्थान पुलिस से तीनों आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया है और उन्हें पूछताछ के लिए मुंबई लाया जा रहा है।’’

रविवार शाम ‘वॉर’ फिल्म के अभिनेता को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी की घटना वीडियो में दर्ज हो गई थी। वीडियो में हमलावरों को अभिनेता की कार पर नजदीक से गोलियां चलाते देखा जा सकता है। हालांकि, 36 वर्षीय अभिनेता को मामूली चोटें आईं और वह बच गए। वह दिग्गज अभिनेता जैकी श्रॉफ के बेटे हैं। घटना में उनके चालक और एक अन्य व्यक्ति को चोटें आई थीं।

इसके बाद जुहू थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) (हत्या का प्रयास) और 3(5) के साथ-साथ शस्त्र अधिनियम की धारा 3 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस उपायुक्त ने कहा, ‘‘हमले के बाद अपराध शाखा की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल अंधेरी (पश्चिम) रेलवे स्टेशन के पास से बरामद की। वाहन के मालिक की जानकारी जुटाने के बाद जांचकर्ताओं ने आरोपियों के भागने के रास्ते का पता लगाया। आरोपी सूरत पहुंचे थे, जहां से उन्होंने पुणे-जयपुर ट्रेन पकड़ी।’’

उन्होंने बताया कि मुंबई पुलिस ने दूसरे राज्यों की पुलिस के साथ वास्तविक समय में खुफिया जानकारी साझा की। इसके बाद कोटा में अपने समकक्षों के साथ समन्वय कर पुलिस ने कोटा जंक्शन पर ट्रेन को रोका और स्टेशन पर पहुंचने के कुछ ही मिनटों के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस उपायुक्त ने कहा कि मामले की जांच अपराध शाखा के वसूली रोधी प्रकोष्ठ (एईसी) को सौंप दी गई है।

रोशन ने बताया कि अधिकारी सोशल मीडिया पर किए गए उन दावों की पुष्टि कर रहे हैं, जिनमें कथित तौर पर कुछ लोगों ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।

उन्होंने कहा कि वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार अभी बरामद नहीं हुए हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपियों को किसी अन्य व्यक्ति ने निर्देश दिए थे या इस वारदात की साजिश में कोई बाहरी व्यक्ति शामिल था।

भाषा

गोला नेत्रपाल

नेत्रपाल