उत्तरकाशी, 19 अक्टूबर (भाषा) उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए 10 नवंबर को दोपहर 12:05 बजे बंद कर दिए जाएंगे।
गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल ने बताया कि समिति के पदाधिकारियों ने धार्मिक परंपराओं के अनुसार महानवमी के पर्व पर मंदिर के कपाट बंद किए जाने के समय का मुहूर्त निकाला।
उन्होंने बताया, “10 नवंबर को अन्नकूट के पर्व पर अमृत बेला में अभिजीत मुहूर्त पर दोपहर 12:05 बजे गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।”
सेमवाल ने बताया कि कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली पारंपरिक यात्रा के साथ मुखबा स्थित गंगा मंदिर के लिए रवाना होगी, जहां शीतकाल के दौरान श्रद्धालु उसके दर्शन कर सकेंगे।
मां गंगा को समर्पित गंगोत्री मंदिर के कपाट हर साल दीवाली के बाद अन्नकूट के पर्व पर बंद किए जाते हैं।
गंगोत्री धाम की यात्रा इस साल 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन पर्व पर शुरू हुई थी और अब तक 9.45 लाख श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंच चुके हैं।
भाषा
सं दीप्ति पारुल
पारुल