Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

जबलपुर में बिस्कुट फैक्टरी में आग, कोई हताहत नहीं

जबलपुर, 19 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के रिछाई औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार दोपहर पारले की बिस्कुट फैक्टरी में आग लग गई। एक अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद फैक्टरी के सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

जबलपुर नगर निगम के अग्निशमन अधिकारी कुशाग्र ठाकुर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दोपहर तीन बजे आग लगने की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग, जबलपुर नगर निगम, पारले-जी और कोका-कोला फैक्टरियों, रक्षा प्रतिष्ठानों तथा अन्य नागरिक निकायों की 20 से अधिक गाड़ियों और पानी के टैंकर को आग बुझाने के काम में लगाया गया।

ठाकुर ने कहा, “घटना में कोई घायल नहीं हुआ। एक घंटे के भीतर आग पर काबू पा लिया गया। विभिन्न प्रतिष्ठानों के बीच समन्वय बहुत अच्छा रहा, जिससे आग बुझाने के अभियान में मदद मिली। पारले के कर्मचारियों ने भी आगे आकर काफी सहयोग किया।”

उन्होंने बताया कि मशीन कक्ष के पास लगी आग बुझा दी गई है, जबकि गोदाम में बिस्कुट और पैक की गई कच्ची सामग्री रखी होने की वजह से लपटों पर काबू नहीं पाया जा सका है और इसमें समय लगेगा।

ठाकुर के मुताबिक, शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट प्रतीत होती है। उन्होंने आशंका जताई कि इस घटना में फैक्टरी को काफी नुकसान हुआ होगा।

रिछाई थाना पुलिस और औद्योगिक क्षेत्र प्रबंधन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।

भाषा

सं दिमो पारुल

पारुल