Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

शाह लद्दाख में 1959 के हमले में शहीद पुलिसकर्मियों को 21 अक्टूबर को श्रद्धांजलि देंगे

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 1959 में लद्दाख में चीनी सैनिकों के घात लगाकर किए गए हमले में शहीद हुए पुलिसकर्मियों को बुधवार को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर श्रद्धांजलि देंगे। सोमवार को जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।

शाह पुलिस स्मृति दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इसमें केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और दिल्ली पुलिस की संयुक्त परेड भी शामिल होगी।

बयान के अनुसार, केंद्रीय मंत्री समारोह को संबोधित करेंगे और 21 अक्टूबर, 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में भारी हथियारों से लैस चीनी सैनिकों के घात लगाकर किए गए हमले में जान गंवाने वाले 10 पुलिसकर्मियों की याद में आयोजित वार्षिक कार्यक्रम का समापन उनके सम्मान में बने स्मृति स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित करके करेंगे।

शाह करीब 90 पुलिसकर्मियों की मोटरसाइकिल रैली को भी हरी झंडी दिखाएंगे, जिसकी थीम ‘नशे के खिलाफ लड़ाई’ है। इसमें कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों तथा अन्य केंद्रीय पुलिस संगठनों के कर्मी हिस्सा लेंगे।

बयान में कहा गया है कि ‘नशे के खिलाफ लड़ाई’ देशव्यापी पहल का हिस्सा है। इसके तहत देशभर के मोटरसाइकिल सवार 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर पहुंचेंगे और वहां आयोजित एकता परेड में भाग लेंगे।

रैली में जम्मू कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के पुलिसकर्मी हिस्सा लेंगे। इसके अलावा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के जवान भी शामिल होंगे। रेलवे सुरक्षा बल, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण के कर्मी भी रैली में भाग लेंगे।

इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री, पुलिस सेवा की पृष्ठभूमि वाले सांसद, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के प्रमुख, सेवानिवृत्त पुलिस प्रमुख, पुलिस अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।

बयान के अनुसार, स्मारक पर 22 से 30 अक्टूबर तक श्रद्धांजलि और स्मृति से जुड़े कार्यक्रम जारी रहेंगे। इसी अवधि में देशभर के पुलिस बलों द्वारा भी ऐसे ही कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

भाषा गोला प्रशांत

प्रशांत