Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

ग्वालियर हादसा: मुख्यमंत्री यादव, केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना

ग्वालियर, 19 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार को ग्वालियर के जयारोग्य अस्पताल पहुंचकर ट्रक हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं का हालचाल जाना।

यादव ने घायलों को मिल रहे उपचार और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों और अधिकारियों को सभी घायलों का बेहतर और निःशुल्क इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने उपचार में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने और मरीजों की उचित देखभाल के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने को भी कहा।

ग्वालियर जिले में शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे 125 साल पुराने शीतला माता मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं को एक तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया था। इस हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक लोग घायल हो गए।

यादव ने मरीजों से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से कहा, “हम यहां घायलों से मिलने आए हैं। हम उन्हें सर्वोत्तम संभव उपचार उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं।”

उन्होंने दोहराया कि सड़क हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमने घटना की जांच के आदेश दिए हैं। प्रत्येक व्यक्ति की देखभाल करना सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार सभी लोगों के साथ खड़ी है।”

यादव ने कहा कि घायलों को सर्वोत्तम संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर घायलों को एयर एंबुलेंस के जरिये भी ले जाने की व्यवस्था की जाएगी।

यादव ने चिकित्सकों के हवाले से बताया कि अधिकांश घायलों की हालत में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक-दो गंभीर मरीजों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

भाषा

सं दिमो पारुल

पारुल