कोलकाता, 19 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के नेता जिष्णु बसु ने सोमवार को कहा कि वामपंथी दलों को 'बुकस्टॉल' लगाने का अधिकार है और उनमें तोड़फोड़ करने वाले लोग कायर हैं।
बसु की यह टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब वामपंथी दलों ने आरोप लगाया है कि राज्य में विभिन्न स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडालों के पास उनके द्वारा लगाए गए बुकस्टॉल में भगवा संगठन से जुड़े होने का दावा करने वाले लोगों ने तोड़फोड़ की।
बसु ने कहा कि हिंदुत्व की मूल भावना दूसरों को अपनी राय व्यक्त करने की अनुमति देती है। उन्होंने कहा, “इस तरह की हरकतों (बुकस्टॉल में तोड़फोड़) में शामिल लोग अप्रत्यक्ष रूप से एक विचारधारा को गंभीर नुकसान पहुंचा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल के लोगों ने विधानसभा चुनाव में सत्ता के अहंकार के खिलाफ एकजुट होकर तृणमूल कांग्रेस को हराया और भाजपा को सत्ता में लाया।
बसु ने कहा, “जनता के जनादेश का सम्मान करना हमारा कर्तव्य है।”
दक्षिण बंगाल के आरएसएस के सह क्षेत्र प्रचार प्रमुख ने कहा, 'मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और एसयूसीआई को बुकस्टॉल लगाने का अधिकार है बशर्ते वे ऐसा कोई काम न करें जिससे किसी की जान को खतरा हो।'
बसु ने कहा कि तोड़फोड़ करने में कोई पुरुषार्थ नहीं है और जो लोग इन स्टॉलों पर हमला करते हैं वे कायर हैं।
उन्होंने कहा, 'यह भी आरोप लगाया गया है कि कई मामलों में इन बुकस्टॉल को हटाने के लिए पुलिस को भी तैनात किया गया था।'
उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि वामपंथियों और तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल के दौरान आरएसएस के बुकस्टॉल में तोड़फोड़ की गई थी।
बसु ने याद करते हुए कहा कि कुछ मामलों में सत्तारूढ़ दल के गुंडों द्वारा आरएसएस कार्यकर्ताओं पर हमला भी किया गया था लेकिन इससे वे दोबारा ऐसे स्टॉल लगाने से पीछे नहीं हटे।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश