Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

मुख्यमंत्री ने उग्रवादियों के हाथों तीन लोगों की हत्या की निंदा की, सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए

इंफाल, 19 अक्टूबर (भाषा) मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने इंफाल पूर्व और कांगपोकपी जिलों की सीमा पर उग्रवादियों द्वारा तीन नागरिकों की हत्या किए जाने की घटना की सोमवार को निंदा की और अधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया।

उन्होंने यहां एक सुरक्षा बैठक के दौरान यह टिप्पणी की और अधिकारियों को निर्देश दिए।

बैठक में राज्य के गृह मंत्री गोविंदास कोंथौजम, मुख्य सचिव, सुरक्षा सलाहकार, पुलिस प्रमुख, गृह आयुक्त और सेना, असम राइफल्स, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारी शामिल हुए।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘बैठक के दौरान सिंह ने इंफाल पूर्व जिले के नोंगशुम में हथियारबंद उपद्रवियों द्वारा निर्दोष नागरिकों की हत्या किए जाने की कड़ी निंदा की।’’

बयान में कहा गया कि बैठक में राज्य की समग्र सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई और थौबल जिले में रविवार को हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना तथा इंफाल पूर्व में सोमवार को हुई घटना पर चर्चा की गई।

सोमवार को उग्रवादियों ने जंगल में जलावन लकड़ी एकत्र कर रहे तीन लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और दोनों शवों को यहां मुख्यमंत्री के आवास के बाहर रख दिया।

अधिकारियों ने बताया कि इंफाल पूर्व और कांगपोकपी जिलों की सीमा पर उग्रवादियों ने मेइती समुदाय के 16 लोगों के एक समूह पर गोलीबारी की, जिसमें तीन अन्य लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि तीन और लोग लापता हैं।

सिंह ने एक निजी अस्पताल में घायलों से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन दिया कि सरकार उनके इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी।

भाषा संतोष नरेश

नरेश