हरदोई, 19 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के हरदोई शहर के रेलवे गंज इलाके में सोमवार को उस समय अफरातफरी मच गई और यातायात अवरुद्ध हो गया, जब बिजली विभाग की ओर से जेसीबी मशीन से की जा रही खुदाई के दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही पीएनजी गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि पाइपलाइन के क्षतिग्रस्त होते ही तेज आवाज के साथ गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।
उन्होंने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। इसके साथ ही दमकल विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना रेलवे गंज के जिंदपीर चौराहे से रेलवे स्टेशन जाने वाले मार्ग पर हुई। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी (सदर) गुलाबचंद, दमकल विभाग के अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंचे।
अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा के मद्देनजर जिंदपीर चौराहे से रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाले मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि गैस रिसाव के खतरे को देखते हुए संबंधित इलाके की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि पीएनजी कंपनी ने क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत और गैस रिसाव पर नियंत्रण के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
भाषा
सं आनन्द पारुल
पारुल