नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) फैशन एवं लाइफस्टाइल ई-कॉमर्स मंच मिंत्रा के सौंदर्य उत्पादों के कुल खरीदारों में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी ‘जेन जी’ की है। इनमें से आधे खरीदार दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों से आते हैं। कंपनी ने सोमवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी।
‘ब्यूटी इन द एज ऑफ जेन जी’ शीर्षक वाली यह रिपोर्ट अगस्त, 2025 से अगस्त, 2026 तक मंच पर उपलब्ध खरीदारी के व्यवहार, मांग के रुझानों और खोज संबंधी आंकड़ों पर आधारित है। वर्ष 1997 से 2012 के जन्मे लोगों को आमतौर पर जेन जी की श्रेणी में रखा जाता है।
रिपोर्ट के अनुसार, मिंत्रा पर अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य उत्पादों की मांग में भी आधी हिस्सेदारी दूसरी और तीसरी श्रेणी के शहरों की है। महानगरों से बाहर मांग बढ़ाने वाले प्रमुख शहरों में लुधियाना, पटना, भोपाल, इंदौर, गुवाहाटी और नागपुर शामिल हैं।
त्वचा की देखभाल के संबंध में 80 प्रतिशत युवा खरीदार अपनी दिनचर्या में तीन उत्पादों तक ही सीमित रहते हैं, जबकि ‘जेन जी’ के 30 प्रतिशत खरीदार एक ऑर्डर में एक या दो उत्पाद खरीदते हैं।
रिपोर्ट में कहा गया कि किसी खास घटक और वैज्ञानिक आधार पर तैयार त्वचा संबंधी सौंदर्य उत्पादों की मांग में 75 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
रिपोर्ट के अनुसार, मिंत्रा पर कोरियाई सौंदर्य उत्पादों (के-ब्यूटी) की मांग सालाना आधार पर 200 प्रतिशत बढ़ी है, जबकि इन उत्पादों से संबंधित खोज में 300 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई।
भाषा यासिर अजय
अजय