Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

पंजाब: लुधियाना के खन्ना में श्रीनगर जा रही बस पर पथराव, कोई घायल नहीं

लुधियाना, 19 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक निजी बस पर पंजाब के दोराहा के पास पथराव किया गया।

हरियाणा में एक दिन पहले इसी कंपनी की एक अन्य बस को भी निशाना बनाया गया था।

पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात उस समय हुई, जब बस खन्ना के दोराहा इलाके से गुजर रही थी।

सड़क किनारे से फेंके गये एक पत्थर से बस की खिड़की का शीशा टूट गया।

इससे बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई। हालांकि, घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही एक टीम मौके पर पहुंची और बस को सुरक्षित खन्ना से बाहर निकलवाया।

खन्ना के पुलिस अधीक्षक (जांच) आर. के. यादव ने बताया कि दोराहा थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों का पता लगाने के लिए आसपास के ढाबों, पेट्रोल पंपों और टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस इस मामले को विशेष गंभीरता से ले रही है, क्योंकि बस उसी परिवहन कंपनी की है, जिसकी एक अन्य बस पर शनिवार को हरियाणा के करनाल में हमला किया गया था।

यादव ने कहा, “दोनों घटनाओं में एक ही परिवहन कंपनी की बसें शामिल हैं। हम जांच कर रहे हैं कि क्या इन दोनों हमलों के बीच कोई संबंध है।”

पुलिस ने बताया कि दोराहा में जीटी रोड के इस हिस्से पर पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं।

पुलिस सुरक्षा में कुछ देर रुकने के बाद बस ने श्रीनगर के लिए अपनी यात्रा फिर शुरू कर दी।

इससे पहले, शनिवार को हरियाणा के करनाल जिले में विवाद के बाद जम्मू-कश्मीर जा रही एक बस पर पथराव किया गया था।

इस घटना में एक यात्री और एक ढाबा कर्मचारी घायल हो गए थे।

इस घटना पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा था कि मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस मामले को हरियाणा सरकार के समक्ष उठाया है।

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश