Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

अपने अनुरूप काम न करने की वजह से सीईसी का विरोध कर रहे जगन: मुख्यमंत्री नायडू

अमरावती, 19 अक्टूबर (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को वाईएसआरसीपी प्रमुख वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी पर आरोप लगाया कि वह मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) का विरोध इसलिए कर रहे हैं क्योंकि निर्वाचन आयोग उनकी कही बात के अनुसार काम नहीं करता।

नायडू ने उंडावल्ली स्थित अपने आवास पर प्रेसवार्ता में कहा, ‘‘पहले आपने (जगन) सीईसी (नियुक्ति प्रक्रिया) का समर्थन किया था, लेकिन अब जब वे (निर्वाचन आयोग) आपकी बात नहीं मानते, तो आप विरोध कर रहे हैं। अब आप ‘जेन जी’... ‘जेन जी’ की बात कर रहे हैं।’’

मुख्यमंत्री की यह टिप्पणी उस घटना के एक दिन बाद आई है, जब पूर्व मुख्यमंत्री ने रविवार को इस बात पर खेद जताया था कि राज्य में अपनी पार्टी के सत्ता में रहने के दौरान उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के चयन से जुड़े 2023 के कानून का समर्थन किया था।

नायडू ने कहा, ‘‘मुझे समझ नहीं आता। ‘जेन जी’ का मतलब क्या यह है कि वे इन सभी भ्रष्ट लोगों का बोझ उठाने के लिए तैयार हैं? उनकी अपनी आकांक्षाओं के बारे में न सोचकर, उन्हें मोहरे की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है।’’

नायडू ने सवाल किया कि क्या ‘जेन जी’ को वाईएसआरसीपी जैसे दलों और अन्य के साथ जाना चाहिए, जो कथित तौर पर उनका भविष्य खराब कर सकते हैं?

उन्होंने दावा किया कि भावनाओं और आकांक्षाओं वाले लोगों को गुमराह किया जा रहा है और यह ‘‘वाईएसआरसीपी का काम’’ है।

नायडू ने कहा, ‘‘आप मुझे 45 वर्षों से देख रहे हैं; मैं किसी भी उपद्रवी को अपने पास आने या बैठने नहीं देता। मेरा एक चरित्र है; मैं मूल्यों पर आधारित राजनीति करता हूँ।’’

उन्होंने दावा किया कि जहाँ तेदेपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार विकास के लिए काम कर रही है, वहीं वाईएसआरसीपी विनाश के लिए काम कर रही है।

भाषा नेत्रपाल नरेश

नरेश