Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

गरबा के फर्जी पास ऑनलाइन बेचकर आठ लाख रुपये की ठगी के आरोप में राजस्थान से दो लोग गिरफ्तार

अहमदाबाद, 19 अक्टूबर (भाषा) गुजरात के अहमदाबाद साइबर अपराध शाखा ने सोमवार को बताया कि नवरात्र के दौरान गरबा कार्यक्रमों के फर्जी पास ऑनलाइन बेचकर लोगों से आठ लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में राजस्थान से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर फर्जी ईमेल आईडी, व्हाट्सऐप चैट और डिजिटल तरीके से तैयार किए गए टिकटों का इस्तेमाल कर ‘इंस्टाग्राम’ के जरिए लोगों को ठगा।

साइबर अपराध शाखा की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपियों ने सोशल मीडिया पर रियायती दरों पर टिकट उपलब्ध कराने का विज्ञापन देकर अहमदाबाद के कई बड़े गरबा आयोजनों के 686 फर्जी पास बेचे, इनसे उन्होंने आठ लाख रुपये की कथित तौर पर ठगी की।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी राजस्थान के सीकर के निवासी हैं और उनकी पहचान 21 वर्षीय वीरेंद्र सिंह राठौड़ और 22 वर्षीय किशनसिंह राठौड़ के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों स्नातक हैं।

पुलिस ने बताया कि अहमदाबाद के एक गरबा आयोजक की शिकायत के आधार पर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने आयोजक की जानकारी के बिना रियायती दरों पर टिकट बेचने का विज्ञापन देने के लिए ‘इंस्टाग्राम’ पर फर्जी खाता और ईमेल आईडी बनाई थी।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी फर्जी टिकटों की बिक्री को असली दिखाने के लिए एक सुनियोजित तरीके से काम करते थे।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने संभावित खरीदारों का भरोसा जीतने के लिए ‘इंस्टाग्राम’ पर एक प्रोफाइल बनाई और उसे पेशेवर तरीके से संचालित किया।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद उन्होंने मेटा के सशुल्क विज्ञापन की सुविधा का इस्तेमाल कर उन इलाकों के लोगों को निशाना बनाया, जहां गरबा कार्यक्रम आयोजित होने थे।

साइबर अपराध शाखा ने अब तक की जांच का हवाला देते हुए बताया कि इन विज्ञापनों की पहुंच अहमदाबाद में करीब 40,000 लोगों तक हुई थी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चैटजीपीटी की मदद से विभिन्न गरबा आयोजनों की जानकारी का इस्तेमाल कर फर्जी पास और प्रचार सामग्री कथित तौर पर तैयार की, ताकि टिकट असली दिखाई दें।

पुलिस ने बताया कि पास को वास्तविक दिखाने के लिए उन्होंने बारकोड और क्यूआर कोड जैसे चीजें भी लगाईं।

विज्ञप्ति के अनुसार, आरोपियों ने विभिन्न आयोजनों के कुल 686 पास बेचे, इनमें मंडपम के 167, चोकना गरबा के 122 और ‘आफ्टर 11:59’ कार्यक्रमों के 118 पास शामिल थे।

विज्ञप्ति में बताया गया कि आरोपियों ने ‘ऑफबीट’, ‘नवरात्र’, ‘रंग मोरलो’ और ‘सफेद परिंदे’ सहित अन्य गरबा कार्यक्रमों के पास भी कथित तौर पर बेचे।

भाषा जितेंद्र प्रशांत

प्रशांत