गोरखपुर, 19 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठ के महंत योगी आदित्यनाथ मंगलवार को विजयादशमी (दशहरा) के मौके पर गोरखपुर में गुरु गोरक्षनाथ की विशेष पूजा के बाद गोरक्षनाथ मंदिर से निकाली जाने वाली विजय शोभायात्रा का नेतृत्व करेंगे। सोमवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान के मुताबिक, तुरही, नगाड़ों और बैंड-बाजे की गूंज के बीच निकाली जाने वाली यह शोभायात्रा न केवल सनातन आस्था का प्रतीक है, बल्कि पूर्वांचल में सामाजिक एकता और सौहार्द का सबसे बड़ा संदेश भी देती है।
बयान में कहा गया है कि शोभायात्रा मानसरोवर रामलीला मैदान में संपन्न होगी, जहां योगी भगवान राम का पूजन और राज्याभिषेक करेंगे।
इसमें कहा गया है कि गोरक्षपीठ की परंपरा के अनुसार इस साल भी विजयादशमी के मौके पर शाम को गोरक्षनाथ मंदिर से गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जाएगी।
विजयादशमी पर गोरक्षपीठाधीश्वर नाथपंथ की परंपरा के अनुसार विशेष परिधान में होते हैं।
बयान के मुताबिक, पीठाधीश्वर गुरु गोरक्षनाथ का आशीर्वाद लेकर अपने वाहन पर सवार होंगे और तुरही, नगाड़े व बैंड-बाजे की धुन के बीच उनकी शोभायात्रा मानसरोवर मंदिर पहुंचेगी।
बयान के अनुसार, मानसरोवर मंदिर में योगी भगवान शिव की पूजा-अर्चना करेंगे, जिसके बाद शोभायात्रा मानसरोवर रामलीला मैदान पहुंचेगी, जहां वह रामलीला में भगवान राम का राजतिलक करेंगे।
बयान में कहा गया है कि रामलीला मैदान में योगी का संबोधन भी होगा।
भाषा
आनन्द पारुल
पारुल