Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

सीमापार से नशीले पदार्थों, हथियारों की तस्करी रोकने के लिए क्या कदम उठाये: सचिन ने शाह से किया सवाल

(फाइल फोटो के साथ)

चंडीगढ़, 19 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे से पहले वरिष्ठ कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने सोमवार को उनसे सवाल किया कि सीमावर्ती राज्य में सीमा पार से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी को रोकने के लिए भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने क्या कदम उठाए हैं?

शाह ने रविवार को घोषणा की थी कि वह मंगलवार को पंजाब का दौरा करेंगे तथा इस दौरान वह मानसा, संगरूर और गुरदासपुर में हाल में नशे के खिलाफ आवाज उठाने के कारण जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों से मुलाकात करेंगे।

उन्होंने आरोप लगाया था कि पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने ‘‘राज्य को नशे के दलदल में धकेलने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।’’

पायलट ने बटाला में संवाददाताओं के साथ बातचीत में शाह से सवाल किया, ‘‘हथियारों और नशीले पदार्थों की आपूर्ति को रोकने के लिए आपने क्या कदम उठाए हैं? पिछले 12 वर्षों से केंद्र में भाजपा है। उन्हें (शाह को) जवाब देना होगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘गृह मंत्रालय और रक्षा मंत्रालय क्या कर रहे हैं? नशीले पदार्थ और हथियार कहां से आ रहे हैं? नशीले पदार्थ के धंधे से मिलने वाला पैसा हथियारों के अवैध कारोबार को बढ़ावा देता है।’’

पायलट के साथ कांग्रेस की पंजाब इकाई के अध्यक्ष परगट सिंह भी थे।

उन्होंने दावा किया कि अपराधी जेलों से गिरोह संचालित कर रहे हैं और लोगों को फिरौती के लिए फोन किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने पूछा, ‘‘क्या इसके लिए गृह मंत्री जिम्मेदार नहीं हैं?’’

उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल के अधिकार क्षेत्र में 50 किलोमीटर का इलाका आता है।

गिरोहों की आपसी हिंसा के शिकार लोगों के परिवारों से मिलने के लिए पायलट पंजाब की पांच दिनों की यात्रा पर है। वह उनके खातिर इंसाफ भी मांग कर रहे हैं।

बाद में बटाला में, पायलट और परगट सिंह, विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा, कांग्रेस सांसद सुखजिंदर रंधावा तथा विधायक वरिंदरमीत सिंह पाहड़ा ने कनव महाजन के परिवार से मुलाकात की। कनव महाजन की 10 अक्टूबर, 2025 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

परगट सिंह ने कहा, ‘‘ हम न्याय पाने की परिवार की कोशिश में उनके साथ खड़े हैं और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हैं।’’

भाषा

राजकुमार नरेश

नरेश