मैसूरु (कर्नाटक), 19 अक्टूबर (भाषा) भारतीय वायु सेना की सूर्य किरण एरोबेटिक टीम ने मैसूरु दशहरा समारोह के तहत सोमवार को यहां बड़ी संख्या में जुटे लोगों का 20 मिनट के हवाई प्रदर्शन से मन मोह लिया।
वायु सेना टीम ने यहां बन्नीमंटप के मशाल परेड मैदान में करीब 18 करतब दिखाए। इस दौरान विमानों ने आसमान में कलाबाजियां दिखाकर दर्शकों का मनोरंजन किया।
इससे एक दिन पहले खराब मौसम के कारण टीम अपना पूरा हवाई प्रदर्शन नहीं कर सकी थी और उसे बीच में ही रोकना पड़ा था।
प्रदर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत में एक पायलट ने कहा कि सोमवार को मौसम बेहतर था, जिससे बादल के बावजूद टीम तय कार्यक्रम के अनुसार प्रदर्शन कर सकी।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने करीब 18 करतब दिखाए। कुछ बादल होने के बावजूद हम तय कार्यक्रम के अनुसार प्रदर्शन कर सके।’’ पायलट ने दर्शकों की उत्साहजनक प्रतिक्रिया के लिए उनका आभार जताया और उन्हें दशहरे की शुभकामनाएं दीं।
सूर्य किरण टीम सटीक उड़ान, विमानों के तालमेल से बने आकार और रोमांचक हवाई करतबों के लिए जानी जाती है। हवाई कलाबाजी के प्रदर्शन के दौरान विमान एक-दूसरे से कुछ ही मीटर की दूरी पर उड़ते हैं।
भाषा संतोष अविनाश
अविनाश