नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) बंगाल ने सेना के खिलाफ रणजी ट्रॉफी ग्रुप सी मुकाबले के दूसरे दिन सोमवार को स्पिनरों के दबदबे के बीच अपना पलड़ा थोड़ा भारी रखा। मैच के दूसरे दिन 15 विकेट गिरे।
दिन का खेल समाप्त होने तक 209 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सेना ने बिना किसी नुकसान के 12 रन बना लिए थे।
चोट से उबरकर वापसी कर रहे बंगाल के बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर शाहबाज अहमद ने 19 ओवर में 35 रन देकर चार विकेट लिए जबकि ऑफ स्पिनर आमिर गनी ने 31 रन देकर चार विकेट चटकाए। इससे बंगाल की पहली पारी के 184 रन के जवाब में सेना की टीम 62.2 ओवर में 122 रन पर सिमट गई।
सेना के सभी 10 विकेट बंगाल के स्पिनरों ने लिए। पालम ए ग्राउंड पर बाएं हाथ के स्पिनर प्रदीप्त प्रमाणिक ने 31 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
सेना के कप्तान रजत पालीवाल ने 129 गेंद में नाबाद 48 रन बनाकर कुछ संघर्ष किया। शुभम रोहिल्ला ने 17 और नितिन तंवर ने 16 रन बनाए।
पहली पारी में 62 रन की बढ़त हासिल करने के बाद बंगाल की टीम दूसरी पारी में अपनी स्थिति मजबूत करने उतरी, लेकिन सेना के स्पिन आक्रमण के सामने उसकी बल्लेबाजी लड़खड़ा गई। बंगाल की दूसरी पारी 52.5 ओवर में 146 रन पर समाप्त हुई जिससे सेना को जीत के लिए 209 रन का लक्ष्य मिला।
बाएं हाथ के स्पिनर राहुल सिंह ने 15.5 ओवर में 39 रन देकर पांच विकेट लिए। पुलकित नारंग ने दो विकेट चटकाए जबकि अर्जुन शर्मा को भी दो सफलताएं मिलीं।
बंगाल के कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने सर्वाधिक 30 रन बनाए। विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल ने 25 और सुदीप कुमार घरामी ने 23 रन का योगदान दिया।
पलाम बी ग्राउंड पर इसके उलट बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला। कप्तान आयुष बडोनी के दोहरे शतक और रविवार को प्रियांश आर्य की 199 रन की पारी की बदौलत दिल्ली ने ग्रुप में शीर्ष पर चल रही गुजरात के खिलाफ पहली पारी छह विकेट पर 648 रन बनाकर घोषित की।
बडोनी ने 246 गेंद में 22 चौकों और दो छक्कों की मदद से 217 रन की शानदार पारी खेली। बंगाल के खिलाफ अपना पहला मैच गंवाने वाली दिल्ली ने इस दमदार बल्लेबाजी से वापसी की।
सुमित माथुर ने 92 रन बनाए जबकि अनुज रावत 61 गेंद में 61 रन बनाकर नाबाद रहे। दिल्ली ने 136.4 ओवर में अपनी पारी घोषित की।
इसके जवाब में गुजरात ने दिन का खेल समाप्त होने तक 35 ओवर में दो विकेट पर 98 रन बना लिए थे। वह अभी 550 रन पीछे है।
तिरुवनंतपुरम में विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद अजहरुद्दीन के शतक और आदित्य सरवटे के हरफनमौला प्रदर्शन से केरल ने ओडिशा के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली।
दिन की शुरुआत छह विकेट पर 245 रन से करने वाली केरल की टीम दूसरे दिन 404 रन पर ऑलआउट हो गई। अजहरुद्दीन ने पहले दिन के अपने नाबाद 72 रन से आगे खेलते हुए 263 गेंद में 11 चौकों की मदद से नाबाद 139 रन बनाए।
सरवटे ने 77 गेंद में सात चौकों की मदद से 53 रन का योगदान दिया।
ओडिशा की ओर से ललित यादव ने तीन विकेट लिए जबकि राजेश मोहंती, सौम्य लेंका और निनाद राठवा ने दो-दो विकेट हासिल किए।
इसके बाद सरवटे ने गेंद से भी कमाल दिखाते हुए 17 ओवर में 27 रन देकर दो विकेट चटकाए। दिन का खेल समाप्त होने तक ओडिशा ने 43 ओवर में तीन विकेट पर 114 रन बना लिए थे। वह अभी 290 रन पीछे है।
ओडिशा की ओर से गौरव चौधरी ने 50 रन बनाए जबकि शांतनु मिश्रा ने 32 रन का योगदान दिया। कप्तान सुभ्रांशु सेनापति 16 और संदीप पटनायक दो रन बनाकर खेल रहे हैं।
पुणे में झारखंड के 169 रन के जवाब में महाराष्ट्र ने दिग्विजय पाटिल (148) और अंकित बावने (नाबाद 120) की पारियों ने पांच विकेट पर 403 रन बनाकर 234 की बढ़त हासिल करके अपनी स्थिति बेहद मजबूत कर ली।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता