Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

अपराधों पर तुरंत कार्रवाई करती है फडणवीस सरकार, एमवीए शासन में मामलों पर डाला जाता था पर्दा: राणे

मुंबई, 19 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता एवं महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ से जुड़े गोलीबारी मामले में संदिग्धों को धर दबोचने का दावा करते हुए सोमवार को कहा कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली सरकार आपराधिक घटनाओं पर तेजी से कार्रवाई करती है।

राणे ने संवाददाताओं से कहा कि गोलीबारी की घटना में शामिल हमलावरों का पता लगाने के लिए पुलिस की 12 टीम गठित की गई थीं और राजस्थान व महाराष्ट्र से कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है।

उन्होंने कहा कि फडणवीस सरकार के कार्यकाल में पुलिस ने बेहद तेजी से कार्रवाई की है। साथ ही, उन्होंने सवाल उठाया कि क्या पूर्ववर्ती महा विकास आघाडी (एमवीए) सरकार ने इस तत्परता का पांच प्रतिशत भी दिखाया था?

भाजपा नेता ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत और उनकी प्रबंधक दिशा सालियान की मौत का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया, ‘‘एमवीए सरकार जांच करने के बजाय घटनाओं पर पर्दा डालने पर ध्यान केंद्रित करती थी।’’

उन्होंने दावा किया कि तत्कालीन सरकार ने इन मामलों में आरोपों का सामना कर रहे लोगों को बचाने का प्रयास किया था।

राणे ने उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास ‘एंटीलिया’ के बाहर विस्फोटक मिलने और कारोबारी मनसुख हिरेन की हत्या के मामलों का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार इन मामलों में जवाबदेही तय करने में विफल रही थी।

राणे ने महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार की आलोचना कर रहीं राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले तथा शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत पर निशाना साधते हुए महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख की भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तारी का उल्लेख किया।

राणे ने दावा किया, ‘‘एमवीए सरकार भ्रष्टाचार और जबरन वसूली में लिप्त थी। उसके नेताओं को वर्तमान सरकार के कानून-व्यवस्था संबंधी रिकॉर्ड की आलोचना करने से बचना चाहिए। टाइगर श्रॉफ से जुड़े गोलीबारी मामले में पुलिस की कार्रवाई दोनों सरकारों के कामकाज के बीच अंतर को स्पष्ट रूप से दर्शाती है।’’

भाषा खारी प्रशांत

प्रशांत