मुंबई, 19 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस सांसद वर्षा गायकवाड ने सोमवार को आरोप लगाया कि मुंबई में ‘जंगलराज’ है और दावा किया कि कलाकारों एवं जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा गंभीर खतरे में है।
लोकसभा सदस्य गायकवाड के नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुंबई पुलिस आयुक्त देवेन भारती से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी के मामले, महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और आईआईटी-मुंबई के छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या को लेकर चिंता जताई।
गायकवाड ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि पुलिस आयुक्त भारती ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि वाकोडे मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) और अपराध शाखा संयुक्त रूप से कर रही हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच पूरी होने के बाद मामले में शामिल लोगों के खिलाफ उपयुक्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने पुलिसकर्मियों के कांग्रेस कार्यालय में कथित तौर पर घुसने और आदिवासी छात्रों के खिलाफ कार्रवाई करने का मुद्दा भी उठाया। भारती ने पार्टी से इस घटना के सबूत देने को कहा और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया।
गायकवाड ने राज्य के मौजूदा माहौल को ‘‘जंगलराज’’ बताते हुए दावा किया कि राज्य में सक्षम और पूर्णकालिक गृह मंत्री नहीं है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास गृह विभाग का भी प्रभार है।
राज्य की पूर्व मंत्री ने कहा कि मुंबई पुलिस की लंबी और गौरवशाली परंपरा रही है, लेकिन कानून-व्यवस्था से जुड़ी हालिया घटनाओं ने उसकी छवि को गंभीर नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा, “पुलिस का पहले जैसा प्रभाव अब नहीं रहा। पुलिस को अपनी छवि सुधारने के लिए पहले जैसी कार्यशैली अपनानी होगी।’’
गायकवाड ने यह भी दावा किया कि अपराध की घटनाओं के मामले में मुंबई देश में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों और कलाकारों की सुरक्षा गंभीर खतरे में है।
भाषा अमित सुभाष
सुभाष