पणजी, 19 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की गोवा इकाई ने सोमवार को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर राज्य के एक दिन पहले के अपने दौरे के दौरान आदिवासी संस्कृति का अनादर करने का आरोप लगाया। वहीं, कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि राजनीतिक कारणों से जानबूझकर विवाद खड़ा किया जा रहा है।
भाजपा के अनुसार, राहुल गांधी रविवार को राज्य में कांग्रेस की ‘गोय रोखण यात्रा’ में शामिल होने आए थे। इस दौरान उन्होंने भेंट में दी गई पारंपरिक कुनबी आदिवासी शॉल को पोडियम पर ही छोड़ दिया।
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा, “कुनबी शॉल गोवा के आदिवासी समुदाय की पहचान है। यह हमारी संस्कृति और विरासत का प्रतीक है। राहुल गांधी ने जिस तरह शॉल का अनादर किया है, उसे लोग नहीं भूलेंगे।”
सावंत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को भी राज्य के एक दौरे के दौरान इसी तरह की शॉल भेंट की गई थी, जिसे उन्होंने सम्मानपूर्वक अपने साथ रख लिया था।
भाजपा की गोवा इकाई के अध्यक्ष दामोदर नाइक ने कहा कि राहुल गांधी को सार्वजनिक कार्यक्रमों में उचित व्यवहार करना सीखना चाहिए।
उन्होंने कहा, “गांधी ने पारंपरिक परिधान का अपमान किया है।” नाइक ने यह दावा भी किया कि रविवार को आयोजित कांग्रेस के कार्यक्रम को लोगों का अपेक्षित समर्थन नहीं मिला।
दूसरी ओर, कांग्रेस ने कहा कि कुनबी शॉल को लेकर खड़ा किया गया विवाद राहुल गांधी की जनसभा को मिले समर्थन से ध्यान भटकाने की कोशिश है।
गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सुनील कावथणकर ने कहा, “मडगांव की जनसभा में जुटी भीड़ से भाजपा परेशान है और वह एक गैर-मुद्दे को राजनीतिक विवाद में बदलने की कोशिश कर रही है।”
कांग्रेस प्रवक्ता अमरनाथ पणजीकर ने कहा, “राहुल गांधी ने शॉल मुझे सौंपते हुए कहा था कि यह मेरे लिए है। भाजपा इस मामले को गोवा की सांस्कृतिक परंपराओं के अपमान के रूप में पेश करने के लिए भ्रामक व्याख्या कर रही है।”
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश