Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

डीआरआई ने 19.4 करोड़ रुपये मूल्य का 13 किलो सोना जब्त किया, तीन लोग गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने अहमदाबाद और सूरत हवाई अड्डों से सोने की तस्करी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए लगभग 19.41 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।

वित्त मंत्रालय ने सोमवार को जारी एक बयान में बताया कि 16 अक्टूबर से शुरू होकर 42 घंटे से अधिक समय तक चले इस अभियान के दौरान विदेश से अवैध रूप से भारत लाए गए 13.017 किलोग्राम सोने से जुड़े तस्करी के मामले का खुलासा हुआ।

बयान के अनुसार, तस्करी के इस सोने को वडोदरा में अवैध रूप से पिघलाया जाता था और नकद बिक्री के लिए अहमदाबाद की एक आभूषण दुकान में पहुंचाया जाता था।

वित्त मंत्रालय के अधीन काम करने वाले डीआरआई ने 13.017 किलोग्राम सोना जब्त किया है।

जांच में सामने आया कि यात्री कथित तौर पर सोने की तस्करी के लिए कई तरीके अपना रहे थे। इनमें रोडियम की परत चढ़े सोने के तार, ट्रॉली बैग की अंदरूनी परतों में छिपाया गया सोना और बैग के भीतर छिपाकर रखा गया सोने का पेस्ट शामिल था।

आरोप है कि हवाई अड्डों के बाहर तस्करी का सोना गिरोह के सदस्यों को सौंप दिया जाता था। इसके बाद बिचौलियों के माध्यम से इसे सोना पिघलाने के ठिकानों तक पहुंचाया जाता था और फिर सर्राफा कारोबार में खपाया जाता था।

बयान के अनुसार, सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के तहत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच के दौरान दुबई में बैठे गिरोह के मुख्य सरगना, सोना पिघलाने वाले व्यक्ति और अन्य प्रमुख संदिग्धों की भी पहचान की गई है।

डीआरआई ने समन्वित अभियानों के तहत दो अलग-अलग कार्रवाइयों में लगभग 7.1 किलोग्राम एम्फेटामीन और करीब 3.1 किलोग्राम कोकीन भी जब्त की। इन मामलों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

वित्त मंत्रालय ने एक अलग बयान में बताया कि ये जब्तियां बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, नागपुर के निकट और नयी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर की गईं।

भाषा खारी संतोष

संतोष