कानपुर, 19 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश ने कप्तान आर्यन जुयाल के नाबाद अर्धशतक की मदद से रणजी ट्रॉफी ग्रुप ए मुकाबले के दूसरे दिन सोमवार को गोवा के खिलाफ दूसरी पारी में चार विकेट पर 102 रन बना लिए जिससे उसकी कुल बढ़त 140 रन की हो गई है।
इससे पहले उत्तर प्रदेश ने गोवा को पहली पारी में 164 रन पर समेट दिया था।
गोवा ने दिन की शुरुआत बिना किसी नुकसान के 43 रन से की, लेकिन लेग स्पिनर जीशान अंसारी (45 रन देकर पांच विकेट) ने पांच विकेट लेकर उत्तर प्रदेश को पहली पारी में 38 रन की बढ़त दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
पहली पारी में 202 रन पर सिमटने वाली उत्तर प्रदेश की टीम ने स्टंप तक दूसरी पारी में 38 ओवर में चार विकेट पर 102 रन बनाए। जुयाल 113 गेंद पर 60 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं।
दूसरी पारी में उत्तर प्रदेश की शुरुआत बेहद खराब रही। यश कसवांकर ने पारी के पहले ही ओवर में अभिषेक गोस्वामी और माधव कौशिक को बिना खाता खोले आउट कर दिया। इससे टीम का स्कोर एक रन पर दो विकेट हो गया।
इसके बाद जुयाल और करण शर्मा (31) ने तीसरे विकेट के लिए 87 रन की साझेदारी करके उत्तर प्रदेश को मुश्किल से उबारा।
दर्शन मिसाल ने करण शर्मा को आउट किया जबकि दिन के अंतिम चरण में अंसारी तीन रन बनाकर अभिनव तेजराना की गेंद पर पगबाधा आउट हुए।
जुयाल ने एक छोर संभाले रखा और दिन का खेल समाप्त होने तक डटे रहे। दूसरे छोर पर कार्तिक यादव एक रन बनाकर खेल रहे थे।
कसवांकर ने दो विकेट लिए जबकि मिसाल और तेजराना को एक-एक विकेट मिला।
इससे पहले गोवा ने दिन की शुरुआत बिना किसी नुकसान के 43 रन से की, लेकिन उसकी पूरी टीम पहली पारी में 164 रन पर आउट हो गई और उसे 38 रन की बढ़त गंवानी पड़ी।
शिवेंद्र भुजबल ने 98 गेंद पर 44 रन बनाकर टीम के लिए सर्वाधिक योगदान दिया। कसवांकर ने 36 और कप्तान अभिनव तेजराना ने 26 रन बनाए।
गोवा ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवा दिए।
अंसारी ने 45 रन देकर पांच विकेट चटकाए। कार्तिक यादव और वंश चौधरी ने दो-दो विकेट हासिल किए।
उत्तर प्रदेश की टीम तीसरे दिन अपनी बढ़त को और मजबूत करने की कोशिश करेगी।
पुडुचेरी में ग्रुप के एक अन्य मैच में मेहमान मध्य प्रदेश ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक पहली पारी में पांच विकेट पर 302 रन बना लिए। इससे उसे पुडुचेरी की पहली पारी के 177 रन के जवाब में 125 रन की बढ़त मिल गई।
चंचल राठौर ने 78 और शुभम शर्मा ने 58 रन बनाकर अहम योगदान दिया जबकि कप्तान रजत पाटीदार 107 रन बनाकर नाबाद रहे और उन्होंने पारी को मजबूती दी।
पुडुचेरी की ओर से रितेश गुडे ने सर्वाधिक 53 रन बनाए। मध्य प्रदेश के लिए रवि किरण ने 51 रन देकर तीन विकेट लिए।
वहीं जम्मू-कश्मीर की टीम पहली पारी में 260 रन पर आउट हो गई। कवलप्रीत सिंह ने 96 रन बनाए और शतक से चूक गए जबकि पारस डोगरा ने 36 रन का योगदान दिया।
इसके जवाब में विदर्भ की ओर से रविकुमार समर्थ ने 133 रन की शानदार पारी खेली। राजनीश गुरबानी ने 44 रन बनाकर उनका अच्छा साथ दिया।
विदर्भ ने दिन का खेल समाप्त होने तक सात विकेट पर 253 रन बना लिए थे। जम्मू-कश्मीर के उमर नजीर मीर ने चार विकेट लिए। विदर्भ की टीम पहली पारी के आधार पर मेजबान टीम से केवल सात रन पीछे है।
एक अन्य मुकाबले में बड़ौदा ने वडोदरा में बिहार को पहली पारी में 166 रन पर आउट करने के बाद 416 रन बनाकर 250 रन की बढ़त हासिल की।
प्रियांशु मोलिया ने 132 रन की पारी खेली जबकि दीपक हुड्डा ने 70 और महेश पिथिया ने 61 रन बनाए।
बिहार की पहली पारी में राज लिम्बानी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 32 रन देकर चार विकेट लिए। बिपिन सौरभ ने बिहार के लिए सर्वाधिक 58 रन बनाए।
दूसरी पारी में बिहार ने दिन का खेल समाप्त होने तक बिना किसी नुकसान के चार रन बना लिए थे। टीम अब भी बड़ौदा से 246 रन पीछे है।
भाषा नमिता सुधीर
सुधीर