Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

बिहार विधान परिषद चुनाव: आचार संहिता उल्लंघन के आरोप में अनंत सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

पटना, 19 अक्टूबर (भाषा) बिहार में विधान परिषद चुनाव के लिए प्रचार के दौरान आदर्श आचार संहिता और कानून-व्यवस्था संबंधी नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर जनता दल-यूनाइटेड (जदयू) के विधायक अनंत सिंह और जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के खिलाफ तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

बिहार विधान परिषद की आठ सीट पर द्विवार्षिक चुनाव के लिए मतदान 23 अक्टूबर को होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को की जाएगी।

जिन सीट के लिए चुनाव हो रहा है, उनमें पटना स्नातक, दरभंगा स्नातक, तिरहुत स्नातक, कोसी स्नातक, पटना शिक्षक, दरभंगा शिक्षक, तिरहुत शिक्षक और सारण शिक्षक सीट शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, पटना जिले के मोकामा विधानसभा क्षेत्र में 18 अक्टूबर को निकाले गए रोड शो के दौरान आदर्श आचार संहिता के कथित उल्लंघन को लेकर तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। मोकामा का प्रतिनिधित्व जदयू विधायक अनंत सिंह करते हैं।

बाढ़ के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ)-1 रामकृष्ण ने कहा, “रैली में अनुमति से अधिक वाहनों का इस्तेमाल किया गया और कई वाहनों में सायरन बजाए गए। इसके अलावा, बाढ़ शहर में कई जगहों पर फूल बरसाने के लिए जेसीबी मशीनों का इस्तेमाल किया गया, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई। यह आदर्श आचार संहिता का स्पष्ट उल्लंघन था। इस मामले में अनंत सिंह, अनुज सिंह और अन्य लोगों के खिलाफ कुल तीन प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।”

अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार कर अपनी पार्टी जदयू के खिलाफ खुलकर बागी रुख अपना लिया है।

मोकामा से विधायक अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से दोबारा चुनाव लड़ रहे जदयू के विधान परिषद सदस्य नीरज कुमार को हराने का इरादा भी स्पष्ट कर दिया है। इससे पहले उन्होंने क्षेत्र में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार के समर्थन में जुलूस भी निकाला था।

अनंत सिंह ने हाल में कहा था, “मुझे नहीं पता कि इस मामले में पार्टी का रुख क्या है। लेकिन सच्चाई यह है कि नीरज ने कई मौकों पर मेरा विरोध किया है। मुझे भी उन्हें उसी अंदाज में जवाब देना चाहिए।”

भाषा

कैलाश पारुल

पारुल