Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

दुर्गा पूजा से पहले सरकार ने उचित योजना बनाई होती तो चोरबागान में भगदड़ नहीं होती: अधीर

मुर्शिदाबाद, 19 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने सोमवार को कहा कि अगर सरकार ने पहले से उचित योजना बनाई होती तो उत्तर कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ नहीं मचती।

उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं और प्रशासन को इनसे बचाव के लिए उचित एहतियाती कदम उठाने चाहिए थे।

चौधरी ने यहां संवाददाताओं से कहा, “अगर सरकार ने इस साल दुर्गा पूजा की अनुमति देने से पहले ही उचित एहतियाती कदम उठाए होते, तो इस घटना से बचा जा सकता था।”

पूर्व सांसद ने कहा कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद कोलकाता से बाहर स्थानांतरित किए गए नौ आईपीएस अधिकारियों को इस घटना के बाद ही वापस लाया गया है।

उन्होंने इस घटना की जांच के लिए अदालत की निगरानी में एक स्वतंत्र जांच समिति का तत्काल गठन करने की मांग की।

इस भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि कम से कम 25 अन्य घायल हुए थे।

चौधरी ने आरोप लगाया कि शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व वाली सरकार घटना होने के बाद ही कदम उठा रही है।

उन्होंने कहा, “चोरबागान में दुर्गा पूजा आयोजित करने की अनुमति देने से पहले संभावित भीड़, सड़क की चौड़ाई और अन्य पहलुओं की जांच की जानी चाहिए थी।” उत्तर कोलकाता में सेंट्रल एवेन्यू से निकलने वाली एक संकरी गली में चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल श्रद्धालुओं के बीच काफी लोकप्रिय है। शनिवार शाम बारिश के बीच अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ मच गई थी।

एक दिन पहले मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए लोकसभा में कांग्रेस के पूर्व नेता चौधरी ने भाजपा शासन में देश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।

चौधरी ने कहा, “भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र और राज्य सरकारें ‘डबल इंजन’ सरकार को लेकर बड़े-बड़े व गर्वपूर्ण दावे करती हैं, लेकिन हकीकत यह है कि मुंबई और अन्य बड़े शहरों में गिरोहों के हमले और कानून-व्यवस्था की समस्याएं आम हैं।” बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में हथियारबंद लोगों द्वारा की गयी गोलीबारी में बाल-बाल बच गए।

चौधरी ने कहा, “आम जनता को सुरक्षा मुहैया कराने में अपनी विफलता के लिए भाजपा को जवाब देना चाहिए।”

भाषा जितेंद्र प्रशांत

प्रशांत