Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

टाइगर श्रॉफ गोलीबारी मामला: घायल राहगीर की हालत स्थिर, केईएम अस्पताल में उपचार जारी

मुंबई, 19 अक्टूबर (भाषा) मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हमले के दौरान घायल हुए राहगीर उमेश चौहान की हालत स्थिर है और वह चिकित्सकों की देखरेख में हैं। केईएम अस्पताल के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि रविवार रात अभिनेता की कार पर गोलीबारी के समय चौहान जुहू में पुष्पा पार्क के बाहर मौजूद थे।

अधिकारी ने बताया कि जुहू के कूपर अस्पताल में उनका शुरुआती इलाज किया गया, जिसके बाद आधी रात के आसपास उन्हें विशेष देखभाल और आगे की जांच के लिए केईएम अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया।

अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार, गोली लगने से उनके हृदय या फेफड़ों पर कोई असर नहीं पड़ा है।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया है, ‘‘उनकी हालत ‘हेमोडायनेमिकली स्टेबल’ है और जनरल सर्जरी विभाग के तहत आपातकालीन आईसीयू में उनका उपचार किया जा रहा है। साथ ही, कार्डियोवैस्कुलर एंड थोरेसिक सर्जरी (सीवीटीएस) टीम से भी परामर्श लिया जा रहा है।’’

‘हेमोडायनेमिकली स्टेबल’ का मतलब है कि मरीज के शरीर में रक्त का प्रवाह स्थिर व सामान्य है और हृदय गति तथा रक्तचाप स्थिर है, जिससे शरीर के मुख्य अंगों तक ऑक्सीजन और पोषक तत्व सही मात्रा में पहुंच रहे हैं।

उनके महत्वपूर्ण शारीरिक मानक स्थिर हैं, इसलिए चिकित्सक कड़ी निगरानी रखते हुए उनका उपचार कर रहे हैं।

अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि जांच और विशेषज्ञों के आकलन के आधार पर, मरीज की स्थिति में होने वाले सुधार को देखते हुए आगे का उपचार तय किया जाएगा। साथ ही, उनके स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में आधिकारिक तौर पर अद्यतन जानकारी दी जाती रहेगी।

इससे पहले सोमवार सुबह, राजस्थान पुलिस ने गोलीबारी में कथित तौर पर शामिल तीन संदिग्धों को कोटा में पकड़ा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इनमें से एक नाबालिग है।

इन तीनों को कोटा में पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन से हिरासत में लिया गया। मुंबई पुलिस से मिली सूचना के बाद कोटा शहर की पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर एक अभियान में लगभग 15 मिनट में ही तीनों संदिग्धों को पकड़ लिया।

कोटा की जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने संवाददाताओं को बताया कि पकड़े गए संदिग्धों में रेहान हरियाणा के सोनीपत का रहने वाला है। ऋतिक उर्फ रोशन मूल रूप से बेगू सराय का है लेकिन कुछ साल से मुंबई रह रहा है। एक अन्य नाबालिग है।

शुरुआती पूछताछ के अनुसार, ये तीनों आरोपी कल शाम वारदात के बाद इस ट्रेन में बैठ गए। इनकी योजना जयपुर से बस पकड़कर दिल्ली जाने और वहां से नेपाल भागने की थी। उन्होंने कहा कि आरोपी रेहान लारेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित के संपर्क में था।

भाषा सुभाष जोहेब

जोहेब