मुंबई, 19 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने सोमवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चुनौती दी कि वह शहर में हुए हमलों के सिलसिले में पूछताछ के लिए जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को पूछताछ के लिए मुंबई लाकर दिखाएं।
सपकल ने एक बयान में दावा किया कि अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी ने महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था की स्थिति को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में दो बंदूकधारियों ने श्रॉफ पर गोली चलाई; बाद में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने सोशल मीडिया पर एक अपुष्ट पोस्ट के जरिए इस हमले की जिम्मेदारी ली।
गोलीबारी में अभिनेता तो सुरक्षित बच गए, लेकिन उनका चालक और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।
कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘भाजपा के लिए बिश्नोई कौन है? सरकार की शह के बिना बिश्नोई गैंग अहमदाबाद जेल से अपना काम नहीं चला सकता।’’
उन्होंने कहा कि खोखली घोषणाएं करने के बजाय, फडणवीस को बिश्नोई को हिरासत में लेने, उसे मुंबई लाने, उससे पूछताछ करने और उसके खिलाफ मामला दर्ज करने का साहस दिखाना चाहिए।
सपकाल ने पूर्व राज्य मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या, और साथ ही अभिनेता सलमान खान तथा फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घरों पर हुई गोलीबारी की घटनाओं का भी जिक्र किया, और कहा कि इन सभी मामलों में बिश्नोई गिरोह की संलिप्तता सामने आई थी।
कांग्रेस नेता ने पूछा, ‘‘इस माफिया सदस्य से अब तक पूछताछ क्यों नहीं की गई है? महाराष्ट्र पुलिस के हाथ किसने बांध रखे हैं?’’
उन्होंने दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 268 के तहत अगस्त 2023 में जारी केंद्रीय गृह मंत्रालय के एक आदेश का हवाला देते हुए दावा किया कि इस आदेश ने पुलिस को पूछताछ के लिए बिश्नोई को गुजरात से बाहर ले जाने से रोक दिया है। उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार तुरंत केंद्र से इस प्रतिबंध को हटाने का आग्रह करे।
भाषा
नेत्रपाल संतोष
संतोष