Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

कम्युनिस्ट और ‘कॉकरोच’ भारत में बांग्लादेश जैसी अशांति पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं: शुभेंदु

कांथी (पश्चिम बंगाल), 19 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को आरोप लगाया कि कम्युनिस्ट और ‘‘कॉकरोच’’ भारत में ‘‘बांग्लादेश जैसी अशांति’’ पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, और उनके इन प्रयासों का विरोध किया जाना चाहिए।

दुर्गा पूजा पंडालों के पास बुकस्टॉल में कथित तोड़फोड़ को लेकर वामपंथी दलों की आलोचना का सामना कर रहे मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ये कम्युनिस्ट न तो प्रार्थना करते हैं, न ही अपनी कलाई पर कलावा बंधवाते हैं और न ही माथे पर तिलक लगाते हैं। इनसे सावधान रहें।’’

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), सोशलिस्ट यूनिटी सेंटर ऑफ इंडिया (एसयूसीआई) और अन्य वामपंथी दलों ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल में कई जगहों पर, कूच बिहार जिले के दिनहाटा से लेकर दक्षिण कोलकाता के हरिदेवपुर तक उनके बुकस्टॉल में तोड़फोड़ की गई है। वामपंथी नेताओं ने इस कथित तोड़फोड़ को ‘‘लोकतांत्रिक विचारों पर हमला’’ करार दिया है।

पूर्वी मेदिनीपुर के कांथी में दुर्गा पूजा के दौरान पूजा-अर्चना करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने देवी दुर्गा से राज्य के लोगों की भलाई और दुर्गा पूजा उत्सव के शांतिपूर्ण संपन्न होने की प्रार्थना की है।’’

कोलकाता में हुई भगदड़ की घटना, जिसमें 19 लोगों की जान चली गई थी, का जिक्र करते हुए उन्होंने अपील की कि ‘‘इस साल की बाकी पूजा को दुर्घटना-मुक्त बनाने के लिए सभी का सहयोग चाहिए।’’

अपने माथे पर लगे तिलक और कलाई पर बंधे कलावा की ओर इशारा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं कम्युनिस्ट नहीं हूं, नास्तिक नहीं हूं, और न ही जमाती (दक्षिणपंथी इस्लामी विचारधारा वाला) हूं। मैं एक हिंदू का बेटा हूं, एक गौरवान्वित सनातनी हूं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एक सनातनी होने के नाते, देवी की पूजा करना मेरा कर्तव्य है।’’

कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को ‘‘कॉकरोच और खटमलों’’ से भी सावधान रहना चाहिए।

कॉजपा ने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए हाल में प्रदर्शन किये हैं।

मुख्यमंत्री ने दावा किया कि कुछ ताकतें बांग्लादेश की तरह पूरे भारत में अशांति पैदा करने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इनका हर तरह से विरोध किया जाना चाहिए।’’

भाषा सुभाष संतोष

संतोष