Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

एमसीडी ने इस साल अगस्त तक 65,784 आवारा कुत्तों की नसबंदी, टीकाकरण किया: आरटीआई

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने इस साल अगस्त तक 65,784 आवारा कुत्तों की नसबंदी करने के साथ उनका टीकाकरण भी किया है। पशु चिकित्सा सेवा विभाग ने सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत एक सवाल के जवाब में यह जानकारी दी।

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, एमसीडी ने 2024-25 में 1,31,137 कुत्तों की नसबंदी करने के साथ उनका टीकाकरण किया था। वर्ष 2025-26 में यह संख्या 1,01,394 रही।

जवाब में कहा गया कि जनवरी से अगस्त 2026 के आठ महीने की अवधि के दौरान 65,784 आवारा कुत्तों की नसबंदी करने के साथ उनका टीकाकरण किया गया।

एमसीडी ने 2026-27 के अपने बजट में कुत्तों के आश्रय स्थलों के विकास के लिए 20 करोड़ रुपये और आवारा कुत्तों के शरीर में माइक्रोचिप लगाने के लिए 20 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। हाल के वर्षों में यह अब तक का सबसे बड़ा आवंटन है, हालांकि काम की गति अब भी धीमी बनी हुई है।

विभाग ने आवारा कुत्तों से संबंधित जानकारी मांगने वाले एक आरटीआई आवेदन के जवाब में 12 अक्टूबर को ये आंकड़े उपलब्ध कराए।

अधिकारियों ने यह भी बताया कि नगर निगम आवारा कुत्तों की नसबंदी और रेबीज रोधी टीकाकरण के लिए मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कर रहा है। इसमें कुत्तों को बिना क्रूरता किए पकड़ने, सर्जरी के बाद उनकी उचित देखभाल करने और उन्हें वापस उनके मूल इलाकों में छोड़ने पर जोर दिया गया है।

उन्होंने यह भी बताया कि इस साल जुलाई में बिजवासन स्थित पशु जन्म नियंत्रण (एबीसी) केंद्र में प्रायोगिक तौर पर माइक्रोचिप लगाने की शुरुआत की गई थी। इस केंद्र में हर महीने 600 से 700 कुत्तों की नसबंदी और रेबीज रोधी टीकाकरण के साथ उन्हें माइक्रोचिप भी लगाई जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, एमसीडी ने पिछली बार 2016 में कुत्तों की गणना कराई थी। उस समय तत्कालीन दक्षिण दिल्ली नगर निगम के तहत आने वाले चार प्रशासनिक क्षेत्रों (दक्षिण, पश्चिम, मध्य और पूर्व) में यह सर्वेक्षण किया गया था, जिसमें करीब 1,90,000 कुत्तों की गणना की गई थी।

पशु चिकित्सा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि राजधानी में आवारा कुत्तों की मौजूदा संख्या करीब 10 लाख या इससे अधिक होने का अनुमान है।

भाषा आशीष संतोष

संतोष