गोरखपुर, 19 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में एक व्यक्ति ने अवैध संबंध के शक में अपनी पत्नी पर कथित तौर पर दरांती से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया गया है और घायल महिला को इलाज के लिए गंभीर हालत में बीआरडी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, रविवार शाम करीब पांच बजे गीडा थाना क्षेत्र के हरैया गांव में जलालुद्दीन उर्फ पंगुल (45) ने झगड़े के दौरान अपनी पत्नी साफिया (40) पर दरांती से हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि हमले में साफिया के पेट, सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें आईं।
सूत्रों ने बताया कि साफिया के पेट पर लगे गहरे घाव के कारण उसकी आंतें बाहर निकल आईं। उसे तुरंत बीआरडी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
सूत्रों के अनुसार, आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी का किसी और के साथ संबंध है, जिसके चलते दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था।
पुलिस ने बताया कि दंपति के सात बच्चे हैं और सबसे बड़ी बेटी रहनुमा ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसका पिता अक्सर उसकी मां के साथ मारपीट करता है।
पुलिस के मुताबिक, रहनुमा की शिकायत के आधार पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जलालुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया।
गीडा की पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) आभा सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है और उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
भाषा
सं आनन्द पारुल
पारुल