Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

चर्चा में आने, दहशत फैलाने के लिए अभिनेताओं को निशाना बनाया जा रहा: शिरसाट

छत्रपति संभाजीनगर, 19 अक्टूबर (भाषा) बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना की पृष्ठभूमि में महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने सोमवार को कहा कि चर्चा में आने और दहशत फैलाने के लिए फिल्मी कलाकारों को निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन महाराष्ट्र सरकार ऐसे सभी प्रयासों को नाकाम कर देगी।

शिवसेना (शिंदे गुट) के मंत्री ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने इस घटना को बेहद गंभीरता से लिया है और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घटनास्थल का दौरा कर श्रॉफ से भी मुलाकात की है।

शिरसाट ने कहा, ‘‘इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। दहशत फैलाने की कोशिशें की जा रही हैं। चर्चा में आने के लिए बॉलीवुड अभिनेताओं को निशाना बनाया जा रहा है। लेकिन सरकार ऐसा नहीं होने देगी और ऐसे सभी प्रयासों को नाकाम कर देगी।’’

मुंबई के जुहू इलाके में रविवार शाम अज्ञात हमलावरों ने श्रॉफ की कार पर गोलियां चला दी थीं। इस हमले में अभिनेता बाल-बाल बच गए, जबकि उनकी कार का चालक और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।

शिरसाट ने कहा कि 1995 से 1999 के बीच राज्य में शिवसेना-भाजपा सरकार के दौरान, जब भाजपा नेता गोपीनाथ मुंडे गृह मंत्री थे तब पुलिस आपराधिक गिरोहों की कमर तोड़ने में सफल रही थी, जिसके परिणामस्वरूप कई अपराधी देश छोड़कर भाग गए थे।

उन्होंने ठाणे के दिवंगत नेता प्रदीप पूर्णेकर के परिजनों से न मिलने पर उपमुख्यमंत्री शिंदे की आलोचना करने के लिए शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत पर भी निशाना साधा।

शिरसाट ने कहा, ‘‘संजय राउत का बयान बेबुनियाद है। अगर एकनाथ शिंदे वहां जाते, तो वे (राउत और विपक्ष) कहते कि वह पूर्णेकर परिवार पर दबाव बनाने गए थे। इसलिए प्रताप सरनाइक वहां गए थे।’’

पिछले माह 29 सितंबर को हुई हत्या के दो सप्ताह से अधिक समय बाद भी एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना का कोई भी सदस्य पूर्णेकर के परिवार से नहीं मिला था। महाराष्ट्र के मंत्री एवं शिवसेना नेता प्रताप सरनाइक शनिवार को पूर्णेकर के घर गए थे और आश्वासन दिया कि सत्तारूढ़ पार्टी न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह उनके साथ है।

भाषा खारी प्रशांत

प्रशांत