Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

बंधुआ मजदूरी: पालघर के दो आदिवासी भाइयों पर हमला करने के आरोप में पांच लोगों पर मामला दर्ज

पालघर, 19 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में पारिवारिक समस्याओं के कारण गन्ने के खेत में काम करने से इनकार करने पर दो आदिवासी भाइयों का कथित तौर पर अपहरण कर उनकी पिटाई करने के मामले में पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि मोखाडा तालुका में शेंड्याचिमेट के फणसपाड़ा के निवासी देविदास निवृत्ति भोये और उनके भाई नवनाथ ने पारिवारिक समस्याओं के कारण काम करने में असमर्थता जताते हुए अग्रिम राशि के तौर पर लिए गए 2.85 लाख रुपये लौटाने की पेशकश की थी।

उन्होंने बताया कि दोनों भाइयों ने यह रकम अहिल्यानगर जिले के करजत निवासी गन्ना खेत मालिक म्हस्कू महारनावर से ली थी।

अधिकारी के अनुसार कातकरी आदिवासी समुदाय के दोनों भाइयों की रुपये लौटाने की पेशकश के बावजूद, 16 अक्टूबर को पालघर और नासिक से उनका कथित तौर पर अपहरण कर उन्हें अहिल्यानगर जिले के करजत ले जाया गया तथा वहां अवैध रूप से बंधक बनाकर उनकी पिटाई की गई।

श्रमजीवी संगठन के पदाधिकारी पांडू मलिक से सूचना मिलने के बाद, निरीक्षक अजीत साबले के नेतृत्व में मोखाडा थाने की एक टीम ने दोनों भाइयों को बचा लिया।

अधिकारी के अनुसार, खेत मालिक म्हस्कू महारनावर समेत पांच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और बंधुआ मजदूरी प्रणाली (उन्मूलन) अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

भाषा जितेंद्र राजकुमार

राजकुमार