Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

काम से ज्यादा मौज-मस्ती कर रहे, फिर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हैं: राहुल पर भाजपा का तंज

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तंज कसते हुए दावा किया कि वह ‘छुट्टियां मनाने’ विदेश गए हैं और अब फिर वही करने लगे हैं, जो वह सबसे अच्छा करते हैं।

इस पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कांग्रेस नेता का एक मीम साझा करते हुए कहा, ‘‘एक ऐसा व्यक्ति जो काम करने से ज्यादा समय मौज-मस्ती में बिताता है और फिर ‘वोट चोरी’ का शोर मचाता है।’’ इस मीम का शीर्षक है,‘‘राहुल गांधी फिर छुट्टी पर!’’

गांधी कथित चुनावी अनियमितताओं को लेकर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष के विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हैं।

भंडारी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘राहुल गांधी फिर वही कर रहे हैं, जो वह सबसे अच्छा करते हैं : आराम करना और छुट्टियां मनाना! राहुल गांधी के छुट्टियां मनाने के लिए विदेश जाने की खबर है। राहुल गांधी भारत में नहीं हैं।’’

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस से यह भी पूछा कि गांधी विदेश में आराम कर रहे हैं या अपने ‘‘अराजकता के सहयोगियों’’ से मिल रहे हैं।

भंडारी ने पूछा, ‘‘नवरात्र के दौरान राहुल गांधी विदेश में क्या कर रहे हैं? आराम कर रहे हैं या अपने अराजकता फैलाने वाले सहयोगियों से मिल रहे हैं?’’

भाजपा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी पर उनकी विदेश यात्राओं को लेकर अक्सर निशाना साधती रही है। पार्टी आरोप लगाती रही है कि वह विदेश जाकर भारत के खिलाफ ‘‘जहर उगलते’’ हैं।

भाषा संतोष नरेश

नरेश