Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

यमन में हूती विद्रोहियों का सैन्य शिविर पर हमला, 20 सैनिकों की मौत

काहिरा, 19 अक्टूबर (एपी) ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने सोमवार को दक्षिणी यमन में सरकारी सैन्य बल के एक शिविर पर हमला किया, जिसमें 20 सैनिकों की मौत हो गई। यमन के सैन्य अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

सैन्य अधिकारियों ने बताया कि विद्रोहियों ने दक्षिणी प्रांत शबवा में अल-अलम सैन्य शिविर पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया। इस हमले में कम से कम 24 सैनिक घायल भी हुए।

एक अधिकारी ने बताया कि हताहतों में मुख्य रूप से हाल ही में भर्ती किए गए सैनिक थे।

यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के सैन्य अधिकारियों ने पहचान जाहिर नहीं करने का अनुरोध करते हुए यह जानकारी दी।

यमन की सेना के प्रवक्ता कर्नल माजेद अल-नजिली ने पुष्टि की कि हूती विद्रोहियों ने पुलिस और सुरक्षा बल के प्रशिक्षण केंद्र पर तीन बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। हालांकि, उन्होंने हताहतों की संख्या पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाली समाचार एजेंसी ‘सबा’ की खबर में दावा किया गया कि विद्रोहियों के हमले में दर्जनों लोग मारे गए और घायल हुए। हालांकि इस बारे में और जानकारी नहीं दी गई।

प्रांतीय राजधानी अटाक के उत्तर में जरदान जिले में स्थित यह शिविर पहले संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के समर्थन वाले लड़ाकों के समूह के नियंत्रण में था। यहां से सरकार के नियंत्रण वाले मारिब प्रांत तक जाने वाला मार्ग गुजरता है। यह मार्ग सरकारी बलों के लिए महत्वपूर्ण आपूर्ति मार्गों में से एक है।

एक सैन्य अधिकारी ने बताया कि हमले में निशाना बनाए गए जवान ‘रैपिड इंटरवेंशन’ नामक नवगठित बल का हिस्सा थे, जिसे इलाके की रक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

एपी आशीष अविनाश

अविनाश