शाहजहांपुर, 19 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में प्रेम प्रसंग को लेकर दो परिवारों के बीच हुई झड़प में घायल 50 वर्षीय व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौरभ दीक्षित ने बताया कि घटना के सिलसिले में दो महिलाओं सहित पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है।
दीक्षित के मुताबिक, कटरा थाना क्षेत्र में रहने वाले एक युवक का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग था। उन्होंने बताया कि युवती के परिजन ने कुछ दिन पहले पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी कि युवक उसे (युवती) भगा ले गया है।
दीक्षित के अनुसार, बाद में युवती को बरामद कर लिया गया और उसने अदालत में कहा कि वह युवक के साथ रहना चाहती है।
उन्होंने बताया कि इस घटना के बाद दोनों परिवारों के बीच तनाव बना हुआ था।
दीक्षित ने बताया कि युवक के परिवार से जुड़ा रमेश रविवार रात गुटखा खरीदने के लिए दुकान गया था, तभी युवती के परिजन वहां पहुंच गए और दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो बाद में झड़प में बदल गई।
दीक्षित के मुताबिक, दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर कथित तौर पर लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें रमेश को गंभीर चोटें आईं।
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस रमेश को अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
दीक्षित ने बताया कि पुलिस ने घटना के सिलसिले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) सहित अन्य प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है।
उन्होंने बताया कि मामले में पूछताछ के लिए पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है, जिनमें दो महिलाएं शामिल हैं।
भाषा
सं जफर पारुल
पारुल