नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली पुलिस ने मादक पदार्थों से जुड़े एक मामले में अपराध की आय के 3.72 करोड़ रुपये को ‘फ्रीज़’ करने संबंधी अनुमति प्राप्त कर ली है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में तस्करी गिरोह के आठ कथित सदस्यों को गिरफ्तार कर 1.383 किलोग्राम से अधिक स्मैक जब्त की है। जांच के दौरान शुरुआत में स्थानीय तस्कर पकड़े गए और बाद में हरियाणा के फरीदाबाद से सक्रिय आपूर्तिकर्ता और बड़ा भंडारण रखने वालों के साथ उनके संबंधों का पता चला।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों में किरण उर्फ राम प्रसाद, नीरज उर्फ थापा, अशोक उर्फ रामू, मनिया उर्फ सुमन पाठक, विक्की, गुड्डू, सुनीत उर्फ नन्हे और गोपी सिंह शामिल हैं। जांच के दौरान भारी मात्रा में स्मैक भी बरामद हुई और अवैध तरीके से कमाई गई नकदी का भी पता चला।
उन्होंने बताया कि वित्तीय जांच के तहत, 3.72 करोड़ रुपये की राशि को सक्षम प्राधिकारी ने ‘फ्रीज़’ करने संबधी आदेश जारी किए हैं और आरोपी सुनीत उर्फ नन्हे को इस आदेश की एक प्रति सौंप दी गई है।
उन्होंने कहा कि दूसरा आरोपी गोपी सिंह, हरियाणा के फरीदाबाद में दर्ज एक अन्य मामले के सिलसिले में फिलहाल फरीदाबाद जेल में बंद है। आदेश की प्रति उसे संबंधित जेल अधिकारियों के माध्यम से पहुंचाई जाएगी।
अधिकारी ने कहा कि यह आदेश ओखला औद्योगिक क्षेत्र थाने में दर्ज एक प्राथमिकी के संबंध में सक्षम प्राधिकारी से प्राप्त हुआ है।
पुलिस ने कहा कि इसका मकसद मादक पदार्थों की तस्करी के माध्यम से कथित रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान करना और अपराधियों की उन तक पहुंच को प्रतिबंधित करना है।
भाषा नोमान नोमान सुरेश
सुरेश