(फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) ‘सैयारा’ फिल्म की स्टार अनीत पड्डा ‘लैक्मे फैशन वीक’ के ‘ग्रैंड फिनाले’ में डिजाइनर अमित अग्रवाल के ‘कलेक्शन’ की खास मॉडल बनीं। इस दौरान अग्रवाल ने अपने ‘प्रेट-लेबल एएम:आईटी’ (रेडीमेड कपड़ों का ब्रांड) के नए कलेक्शन ‘5पीएम ग्लैम रिसेट’ के जरिए रैंप पर रंगों, नाटकीय अंदाज और ग्लैमर का शानदार प्रदर्शन किया।
‘फैशन डिज़ाइन काउंसिल ऑफ इंडिया’ (एफडीसीआई) के सहयोग से आयोजित ‘लैक्मे फैशन वीक’ का समापन रविवार रात हुआ।
लैक्मे ‘9टू 5’ के साथ मिलकर तैयार किए गए इस ‘कलेक्शन’ में दिखाया गया कि कैसे सुबह 9 से शाम 5 बजे तक दफ्तर में पहने जाने वाले कपड़े शाम होते-होते पार्टी और अन्य आयोजनों के लिए आकर्षक एवं ग्लैमरस परिधानों में बदल जाते हैं। इस दौरान मॉडल साइकिलों और ऑटो-रिक्शा के साथ रैंप पर उतरे।
इस रंगीन कलेक्शन में अलग-अलग डिजाइनों वाली ‘स्कर्ट’, कमर पर फिट होने वाले ‘टॉप’, शर्ट और ‘क्रॉप टॉप’ शामिल थे। इन पर तरह-तरह के पैटर्न और झालरें थीं। अमित अग्रवाल ने अपनी खास ‘मेटैलिक प्लीटिंग’ (धातु जैसी चमक वाली प्लीट्स) को पुनर्चक्रित प्लास्टिक, तारों और फॉइल जैसी बनावट वाली सामग्री के साथ मिलाकर नए डिजाइन तैयार किए।
लैक्मे ब्रांड की एंबेसडर अनीत पड्डा ने रैंप पर बैंगनी रंग की धारीदार, गुब्बारे जैसी चौड़ी आस्तीन वाली शर्ट पहनी थी। इसके साथ उन्होंने मिलती-जुलती चौड़ी मोहरी वाली पैंट और धातुई चमक वाला ‘टॉप’ पहना था।
अमित अग्रवाल ने अभिनेत्री को ‘‘उभरती हुई नयी स्टार’’ बताया।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, “लोगों ने उनकी फिल्म देखी है और वह बेहद खूबसूरत हैं। मैंने महसूस किया है कि उनके व्यक्तित्व में एक खास चमक, खुशी और ऊर्जा है, जो उन्हें लैक्मे का ब्रांड एंबेसडर बनाने के लिए एकदम उपयुक्त बनाती है। उनके साथ काम करना सुखद अनुभव रहा। ’’
अग्रवाल इससे पहले 2020 में भी ‘लैक्मे फैशन वीक’ के ‘ग्रैंड फिनाले’ में अपना कलेक्शन पेश कर चुके हैं। वह अक्सर इस फैशन शो में अपने नए कलेक्शन प्रदर्शित करते हैं।
भाषा
राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल