नागोया, 19 अक्टूबर (भाषा) भारतीय तीरंदाज शीतल देवी ने सोमवार को यहां एशियाई पैरा खेलों में महिला कंपाउंड क्वालीफाइंग राउंड में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की और फिर तोमन कुमार के साथ मिलकर मिश्रित टीम स्पर्धा में एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया।
भुजाहीन शीतल कंपाउंड धनुष को सही स्थिति में लाने के लिए अपने पैरों और डोरी को खींचने और छोड़ने के लिए अपने कंधे और जबड़े का इस्तेमाल करती है। उन्होंने महिला कंपाउंड रैंकिंग राउंड में 720 में से 704 अंक हासिल करके विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की और नया एशियाई रिकॉर्ड बनाया।
इसके बाद उन्होंने तोमन के साथ मिलकर कंपाउंड मिश्रित टीम रैंकिंग राउंड में 1402 अंक बनाकर 1400 के पिछले रिकॉर्ड को पार किया। तोमन ने पुरुषों के कंपाउंड क्वालीफाइंग में 698 अंक हासिल किए।
पिछला मिश्रित टीम विश्व रिकॉर्ड भी शीतल ने ही बनाया था, हालांकि उस समय उनकी टीम में राकेश कुमार थे।
इस शानदार स्कोर के दम पर शीतल और तोमन को क्वार्टरफाइनल में सीधा प्रवेश मिल गया है, जहां उनका मुकाबला इराक और जापान के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।
जम्मू कश्मीर की रहने वाली 19 वर्षीय शीतल देवी ने सटीक निशाने लगाए। उन्होंने अपने 72 तीरों में से 57 में पूरे 10 अंक हासिल किए, जिसमें 32 एक्स (लक्ष्य के सबसे भीतरी स्कोरिंग क्षेत्र में लगने वाले शॉट) शामिल थे।
पेरिस पैरालंपिक की कांस्य पदक विजेता ने इस प्रकार 698 अंकों के इस साल मार्च में बनाए गए अपने पिछले एशियाई रिकॉर्ड से छह अंक अधिक बनाए। जहां तक विश्व रिकॉर्ड की बात है तो तुर्किए की ओजनुर गिरदी ने 2024 में पेरिस पैरालंपिक खेलों में 704 अंकों का विश्व रिकॉर्ड बनाया था।
एशियाई खेलों की मौजूदा चैंपियन शीतल ने 2023 में हांगझोउ में एशियाई पैरा खेलों के अपने ही 680 अंक के रिकॉर्ड को बेहतर किया। उन्होंने इन खेलों में दो स्वर्ण (व्यक्तिगत और मिश्रित टीम) और एक रजत (युगल) पदक जीते थे।
एशियाई खेलों में पहली बार भाग ले रही पायल महिला कंपाउंड क्वालीफाइंग में 675 अंक हासिल करके पांचवें स्थान पर रहीं।
शीतल और पायल के संयुक्त प्रयासों से भारत महिला कंपाउंड टीम क्वालीफाइंग तालिका में 1,379 अंकों के संयुक्त स्कोर के साथ शीर्ष पर रहा। चीन ने 1,338 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। भारत ने इस शानदार प्रदर्शन से सीधे सेमीफाइनल में जगह बनाई।
भारतीय जोड़ी का सामना पांचवीं वरीयता प्राप्त थाईलैंड और चौथी वरीयता प्राप्त कजाकिस्तान के बीच होने वाले क्वार्टरफाइनल मुकाबले के विजेता से होगा।
भारत के पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता हरविंदर सिंह ने पुरुषों के रिकर्व के व्यक्तिगत रैंकिंग राउंड में 631 अंक के साथ पांचवां स्थान हासिल किया।
विजय सुंडी दूसरे सर्वश्रेष्ठ भारतीय खिलाड़ी रहे, जिन्होंने 630 अंकों के साथ सातवां स्थान हासिल किया।
इन दोनों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने पुरुषों की रिकर्व टीम रैंकिंग में 1261 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया।
महिला रिकर्व रैंकिंग राउंड में भावना ने 616 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि पूजा 561 अंकों के साथ नौवें स्थान पर रहीं। उनके शानदार स्कोर की बदौलत भारत टीम रैंकिंग में दूसरे स्थान पर रहा।
भारत ने रिकर्व मिश्रित टीम रैंकिंग में चौथा स्थान हासिल किया है और आठ टीमों के नॉकआउट ड्रॉ के पहले दौर में उसका मुकाबला थाईलैंड से होगा।
भाषा
पंत नमिता
नमिता