Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

कर्नाटक: शिवकुमार ने गन्ना किसानों की मांगों पर ध्यान देने का मोदी से आग्रह किया

बेंगलुरु, 19 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से गन्ना किसानों की मांगों पर तत्काल ध्यान देने का आग्रह किया, ताकि उत्तर कर्नाटक में जारी आंदोलन समाप्त हो और गन्ना पेराई शुरू हो सके।

शिवकुमार ने मोदी को लिखे पत्र में कहा कि आंदोलन के कारण उत्तर कर्नाटक में गन्ने की पेराई शुरू होने में देरी हुई है, इस कारण खेतों में गन्ने की फसल नहीं काटी गयी है और समय के साथ गन्ने का वजन एवं मिठास घटने से किसानों को नुकसान होने का खतरा है।

उन्होंने कहा कि किसान विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन कर रहे हैं और केंद्रीय खाद्य, उपभोक्ता मामले एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास का घेराव करने के लिए हुब्बली की ओर पदयात्राएं निकाल रहे हैं।

कई स्थानों पर सड़क जाम किए जाने की खबरें मिली हैं, जबकि उच्च न्यायालय ने मंत्री के आवास पर प्रदर्शन करने पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।

शिवकुमार ने कहा कि उन्होंने 17 अक्टूबर को बेलगावी जिले के कित्तूर का दौरा किया था और प्रदर्शन कर रहे किसानों से अपनी पदयात्रा समाप्त करने की अपील की थी।

उन्होंने पत्र में कहा, ‘‘किसानों ने बताया कि उनकी मुख्य मांगें भारत सरकार के अधिकार क्षेत्र में आने वाले विषयों से संबंधित हैं और केंद्र सरकार से आश्वासन मिले बिना वे आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे।’’

मुख्यमंत्री ने स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा कि लगातार हो रहे सड़क जाम से कानून-व्यवस्था प्रभावित हो रही है और आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश