Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

चिनमय सुतार प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 400 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बने

सोविमा (नागालैंड), 19 अक्टूबर (भाषा) मिजोरम के चिन्मय सुतार ने सोमवार को प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 400 रन बनाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बनकर इतिहास रच दिया।

सुतार ने यह दुर्लभ उपलब्धि यहां नागालैंड के खिलाफ रणजी ट्रॉफी प्लेट ग्रुप मैच के दूसरे दिन हासिल की।

इस मुकाम पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भाऊसाहेब बाबासाहेब निंबालकर थे, जिन्होंने 1948 में महाराष्ट्र की तरफ से खेलते हुए काठियावाड़ के खिलाफ नाबाद 443 रन बनाए थे।

मिजोरम की टीम से जुड़ने से पहले मुंबई की तरफ से विजय हजारे ट्रॉफी खेल चुके सुतार 400 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 517 गेंद का सामना करके 46 चौके और सात छक्के लगाए।

मिजोरम ने अपनी पहली पारी नौ विकेट 581 रन पर समाप्त घोषित की।

जब सुतार 231 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तभी आखिरी बल्लेबाज लालरेमपुइया छकछुआक उनके साथ बल्लेबाजी करने के लिए क्रीज पर आए। उस समय मिजोरम का स्कोर 392 था। सुतार ने उनके साथ दसवें विकेट के लिए 189 रन की साझेदारी की। इसमें सुतार का योगदान 169 रन का रहा। लालरेमपुइया 14 रन बनाकर नाबाद रहे।

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में एक पारी में सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज खिलाड़ी ब्रायन लारा के नाम पर दर्ज है। उन्होंने 1994 में वारविकशर की तरफ से खेलते हुए डरहम के खिलाफ नाबाद 501 रन बनाए थे।

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 400 या इससे अधिक रन बनाने वाले अन्य बल्लेबाजों में हनीफ मोहम्मद (1959 में कराची के लिए 499 रन), डॉन ब्रैडमैन (1930 में न्यू साउथ वेल्स के लिए नाबाद 452 रन), बिल पोंसफोर्ड (1923 में विक्टोरिया के लिए 429 और 1927 में विक्टोरिया के लिए 437 रन), आफताब बलूच (1974 में सिंध के लिए 428 रन), सैम नॉर्थईस्ट (2022 में ग्लैमोरगन के लिए नाबाद 410 रन), ग्रीम हिक (1988 में वॉर्सेस्टरशर के लिए नाबाद 405 रन नाबाद) और ब्रायन लारा (2004 में वेस्टइंडीज के लिए नाबाद 400 रन) शामिल हैं।

भाषा

पंत नमिता

नमिता