Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

पीएफआरडीए ने एनपीएस अंशधारकों के लिए एकीकृत डिजिटल मंच ‘एनपीएस सेंट्रल’ पेश किया

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (भाषा) पेंशन कोष विनियामक एवं विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए) ने राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) के अंशधारकों को एक ही मंच के जरिये पंजीकरण कराने, निवेश करने और अपने पेंशन खातों का प्रबंधन करने की सुविधा देने के लिए एकीकृत डिजिटल मंच ‘एनपीएस सेंट्रल’ शुरू किया है।

पीएफआरडीए ने सोमवार को बयान में कहा कि ‘एनपीएस दिवस’ के अवसर पर एक अक्टूबर को शुरू किए गए इस मंच को एनपीएस के तहत आने वाली तीनों केंद्रीय रिकॉर्डकीपिंग एजेंसियों (सीआरए) ने संयुक्त रूप से विकसित किया है और वे ही इसका प्रबंधन करती हैं।

बयान के अनुसार, यह मंच तीनों सीआरए को एक साझा ‘डिजिटल इंटरफेस’ पर लाता है। इससे एनपीएस से जुड़ी पेंशन सेवाओं तक पहुंच आसान होगी। एनपीएस व्यवस्था में सीआरए, पेंशन कोष और नेटवर्क उपस्थिति केंद्र (पीओपी) शामिल हैं।

यह पहल अधिक एकीकृत, सुलभ और अंशधारकों की जरूरतों पर केंद्रित डिजिटल पेंशन व्यवस्था बनाने की दिशा में एक कदम है।

बयान में कहा गया कि एनपीएस सेंट्रल के जरिये ‘एनपीएस स्वास्थ्य’ के लिए भी पंजीकरण किया जा सकता है। इसमें निवेश के लिए एक समर्पित कोष के साथ अतिरिक्त स्वास्थ्य बीमा की व्यवस्था शामिल है। इससे व्यापक डिजिटल पेंशन व्यवस्था के तहत स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच भी बढ़ेगी।

पीएफआरडीए ने कहा कि यह मंच ‘एनपीएस व्यवस्था’ से जुड़े अन्य प्रतिभागियों और मौजूदा डिजिटल माध्यमों के साथ एकीकरण की सुविधा भी देगा। इससे वे अपने-अपने माध्यमों से एनपीएस की एकीकृत सेवाएं उपलब्ध करा सकेंगे।

भाषा निहारिका अजय

अजय