Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

टाइगर श्रॉफ गोलीबारी मामले में राजस्थान में तीन लोग पकड़े गए: फडणवीस

मुंबई, 19 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी के मामले में राजस्थान में तीन लोगों को पकड़ा गया है।

रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में दो बंदूकधारियों ने अभिनेता पर गोलीबारी की थी, इस घटना में श्रॉफ बाल-बाल बच गए थे, जबकि उनके चालक और एक अन्य व्यक्ति को चोटें आई थीं।

फडणवीस ने पश्चिमी महाराष्ट्र के सांगली में संवाददाताओं से कहा, ‘‘ गोलीबारी के बाद आरोपी सूरत की ओर भागे और फिर जयपुर जाने वाली ट्रेन में सवार हो गए। मुंबई पुलिस ने उनकी गतिविधियों का पता लगाया, राजस्थान पुलिस से संपर्क किया और स्थानीय पुलिस की मदद से कोटा रेलवे स्टेशन पर उन्हें पकड़ लिया।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि आरोपी फिलहाल हिरासत में हैं और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस उन्हें मुंबई ले आएगी।

मुंबई पुलिस की सराहना करते हुए फडणवीस ने कहा, ‘‘ पुलिस ने बहुत तेजी से कार्रवाई की है। जैसा कि मैंने सुबह कहा था, मुंबई पुलिस इस घटना की जड़ तक पहुंचने तक रुकेगी नहीं।’’

उन्होंने कहा कि गोलीबारी के मकसद का पता लगाने और अपराध में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के लिए विस्तृत जांच की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ इसमें शामिल हर व्यक्ति का पता लगाया जाएगा। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।’’

कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर विपक्ष की आलोचना और उनके इस्तीफे की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा कि उनकी सरकार कार्रवाई के जरिए जवाब देगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ विपक्ष ने आरोप लगाए हैं और मेरे इस्तीफे की मांग कर रहा है। मेरा मानना है कि मैंने उन्हें जवाब दे दिया है। हम कार्रवाई के जरिए जवाब देते हैं।’’

इसे राजस्थान में तीन लोगों को पकड़े जाने की घटना के संदर्भ में की गई टिप्पणी माना जा रहा है।

इससे पहले दिन में राजस्थान पुलिस ने कहा था कि अभिनेता पर गोलीबारी में कथित तौर पर शामिल तीन लोगों को कोटा शहर में पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से हिरासत में लिया गया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है।

कोटा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) तेजस्वनी गौतम ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि आरोपियों में से एक कथित तौर पर अनिल पंडित के संपर्क में था, जिसे लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सहयोगी बताया जाता है। इस गिरोह ने सोशल मीडिया पर एक अपुष्ट पोस्ट के जरिए रविवार के हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।

पुलिस ने बताया कि कोटा शहर की पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर करीब 15 मिनट तक चले अभियान में तीनों संदिग्धों को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, उनकी नेपाल भागने की योजना थी।

गौतम ने बताया कि दो आरोपियों की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी रितिक उर्फ रोशन और हरियाणा के सोनीपत निवासी रेहान के रूप में हुई है। तीसरा आरोपी नाबालिग है।

भाषा शोभना संतोष

संतोष