Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

टाइगर श्रॉफ पर गोलीबारी: हरियाणा का संदिग्ध शस्त्र अधिनियम के मामले में जमानत पर था, पिता का दावा

सोनीपत (हरियाणा), 19 अक्टूबर (भाषा) मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की घटना में कथित संलिप्तता के आरोप में राजस्थान से हिरासत में लिए गए तीन संदिग्धों में से एक के पिता ने बताया कि उनका बेटा शस्त्र अधिनियम के एक मामले में जमानत पर बाहर था।

राजस्थान में कोटा पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि नाबालिग समेत संदिग्धों को सोमवार को कोटा शहर में पुणे-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस से हिरासत में लिया गया। वे नेपाल भागने की फिराक में थे।

उन्होंने बताया कि आरोपियों में से दो की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी रितिक और सोनीपत निवासी रेहान के रूप में हुई है।

रेहान के पिता रईसुद्दीन ने सोमवार को यहां संवाददाताओं को बताया कि उसे पहले शस्त्र अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और वह जमानत पर बाहर था। रेहान ने नौवीं कक्षा की पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी थी।

दिहाड़ी मजदूर रईसुद्दीन ने कहा, ‘‘वह करीब 10 साल से मेरे साथ नहीं रह रहा है... वह देवड़ू गांव में अपनी मां के साथ रह रहा है।’’

कोटा पुलिस ने बताया कि शुरुआती पूछताछ के अनुसार, रेहान कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के सहयोगी अनिल पंडित के संपर्क में था। इस गिरोह ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए रविवार को श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया था।

रविवार शाम मुंबई के जुहू इलाके में तीन हमलावरों ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की। इस घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए, जबकि उनकी कार का चालक और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि अभिनेता पर तीन गोलियां चलाई गईं।

भाषा आशीष प्रशांत

प्रशांत